केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (DA/DR) में जुलाई 2026 से 3% की बढ़ोतरी होने की संभावना है। यह अनुमान जनवरी से जून 2026 के AICPI-IW आंकड़े से लगाया गया है। वर्तमान में जनवरी 2026 से केंद्रीय कर्मचारियों को 60% की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा है।
इस वृद्धि के बाद 7वें वेतन आयोग के तहत आने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60% से बढ़कर 63% हो जाएगा। इसका लाभ 50 लाख से अधिक केंद्रीय कर्मचारियों की टेक-होम सैलरी और करीब 65 लाख पेंशनभोगियों की मासिक पेंशन (DR) पर पड़ेगा। यह डीए बढ़ोतरी 31 दिसंबर 2025 को 7वें वेतन आयोग के औपचारिक समापन के बाद दूसरी समीक्षा होगी। बता दें कि जब तक 8वें वेतन आयोग के सैलरी स्लैब लागू नहीं हो जाते, तब तक कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग के तहत DA मिलता रहेगा।
साल में दो बार बढ़ता है महंगाई भत्ता
केंद्र सरकार द्वारा साल में 2 बार केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते व महंगाई राहत की दरों में संशोधन किया जाता है। यह दरें श्रम और रोजगार मंत्रालय द्वारा अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI-IW) के छमाही (जनवरी से जून और जुलाई से दिसंबर) आंकड़ों पर निर्भर करती हैं। जनवरी 2026 से केंद्र सरकार ने 2% महंगाई भत्ते में वृद्धि की थी, जिसका ऐलान अप्रैल 2026 में किया गया। अब जुलाई 2026 की नई दरों का ऐलान होना है, जो जनवरी से जून तक के AICPI-IW आंकड़ों पर निर्भर करेगी।
श्रम मंत्रालय के तहत आने वाले लेबर ब्यूरो ने जून 2026 के AICPI-IW आंकड़े जारी कर दिए हैं। जून महीने में औद्योगिक श्रमिकों के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक 1.1 अंक बढ़कर 151.9 अंक पर पहुंच गया है। इन आंकड़ों के आधार पर डीए का कैलकुलेशन करीब 63.76% तक पहुंच गया है, जो 3% वृद्धि की ओर संकेत कर रहा है। चूंकि सरकार दशमलव के बाद के अंकों को छोड़कर केवल पूर्ण संख्या को ही आधार मानती है, इसलिए जुलाई 2026 से कुल डीए 63% होने की संभावना है।
जून 2026 के अंतिम AICPI-IW आंकड़ों के आने के बाद अब श्रम मंत्रालय द्वारा वित्त मंत्रालय को सारे आंकड़े भेजे जाएंगे जिसके बाद प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। जुलाई 2026 से लागू होने वाले महंगाई भत्ते की नई दरों का ऐलान केंद्रीय कैबिनेट द्वारा सितंबर अंत या अक्टूबर 2026 की शुरुआत में त्योहारों के सीजन होने की संभावना है। केंद्र सरकार की मंजूरी और वित्त मंत्रालय की ओर से आधिकारिक घोषणा होने के बाद ही नई दरें लागू की जाएंगी।
AICPI इंडेक्स और DA गणना के मुख्य आंकड़े:
- जून 2026 AICPI-IW इंडेक्स: 151.9
- 12 महीनों का औसत AICPI-IW: 148.65
- गणना के अनुसार कुल DA: 63.76% (राउंड ऑफ होकर 63%)
- वर्तमान DA दर (जनवरी 2026 से): 60%
- संभावित वृद्धि: 3%
- प्रभावी तिथि: 1 जुलाई 2026
कैसे होती है महंगाई भत्ते की गणना?
- 7वें वेतन आयोग (7th Pay Commission) के नियमों के अनुसार, कर्मचारियों को मिलने वाला महंगाई भत्ता पिछले 12 महीनों के AICPI-IW आंकड़ों के औसत के आधार पर तय किया जाता है। केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते की गणना करने का एक फॉर्मूला है।
- फॉर्मूला है: 7वां सीपीसी डीए% = [{पिछले 12 महीनों के लिए एआईसीपीआई-आईडब्ल्यू (आधार वर्ष 2001=100) का 12 महीने का औसत – 261.42}/261.42×100]






