राहुल गांधी पर अमित शाह का हमला, “अगले 30 साल तक आपकी सरकार नहीं बनने वाली, भीड़तंत्र से जनादेश को झुठला नहीं सकते

केजरीवाल सरकार पर हमला करते हुए अमित शाह ने कहा, कूड़े के पहाड़ों के नाम पर राजनीति करते रहे और हमने कूड़े के पहाड़ों को नीचे लाने का काम किया है और मैं आज यह कहकर जाता हूं कि 2 साल बाद आपको वहां बगीचा दिखाई देगा।
Amit Shah inaugurates Yamuna River rejuvenation projects

Amit Shah inaugurates Yamuna River rejuvenation projects

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज एक बार फिर कहा अगले 30 साल तक कांग्रेस की सरकार नहीं आने वाली, उन्होंने इसका कारण भी बताया, अमित शाह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा मैं यहाँ पैदा हुआ यहीं मरूँगा, मुझे हर 6 महीने में विदेश नहीं जाना पड़ता है। मैं तो देश की जनता के बीच में रहता हूं। गृह मंत्री ने कहा राजनीतिक हथकंडों से, भीड़तंत्र से कांग्रेस देश के जनादेश को झुठला नहीं नहीं सकती  चुनाव जीतना है, तो लोगों के बीच में रहिए, लोगों के दुःख-दर्द को समझिये।

अमित शाह ने आज नई दिल्ली में यमुना नदी के पुनरुद्धार के लिए 8,941 करोड़ की लागत वाली दिल्ली जल बोर्ड की कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया और उनकी आधारशिला रखी। उन्होंने कहा दिल्ली में भाजपा सरकार बनते ही प्रधानमंत्री मोदी ने यमुना शुद्धिकरण की जिम्मेदारी दिल्ली सरकार और गृह मंत्रालय को सौंपी थी, जिसका 40% से अधिक लक्ष्य पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र, दिल्ली, हरियाणा तथा उत्तर प्रदेश की सरकारें मिलकर मई 2029 से पहले यमुना जी को निर्मल बनाएँगी।

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने राहुल गांधी और कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला, उन्होंने कहा कुछ राजनीतिक पार्टियां होती हैं, जो बहाने की राजनीति करती हैं। इससे पहले यहां AAP पार्टी की सरकार थी, कांग्रेस की सरकार थी। वो बहाने बनाते थे कि हमें यह मदद नहीं मिली, वह मदद नहीं मिली। केजरीवाल जी, मेरे पास आपकी हर बात का जवाब है, मगर मैं जवाब तब दूंगा, जब पंजाब में भी AAP सरकार को हम उखाड़कर फेंक देंगे।

आपने आंदोलन के नाम पर सत्ता हथियाकर भ्रष्टाचार करने के अलावा कुछ नहीं किया। आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला करते हुए अमित शाह ने कहा,  कूड़े के पहाड़ों के नाम पर राजनीति करते रहे और हमने कूड़े के पहाड़ों को नीचे लाने का काम किया है और मैं आज यह कहकर जाता हूं कि 2 साल बाद आपको वहां बगीचा दिखाई देगा।

वोट चोरी- वोट चोरी करके घुसपैठियों का वोट बचाना चाहते हैं राहुल 

गृह मंत्री ने कहा दिल्ली में एक अलग खेल चल रहा है। लगातार भाजपा की सरकारें चुनकर आ रही हैं। इस वजह से विपक्ष के पेट में दर्द है, इसलिए इन्होंने वोट चोरी का बहाना बनाया है। वो कहते हैं कि भाजपा वोट चोरी करती है। राहुल गांधी, आपको और आपके साथियों को पूरा देश समझ गया है। वोट चोरी- वोट चोरी करके आप घुसपैठियों का वोट बचाना चाहते हो।

मुझे हर 6 महीने में विदेश नहीं जाना पड़ता

अमित शाह ने 30 साल तक भाजपा सरकार वाले बयान को दोहराते हुए कहा, ” जब मैं कहता हूं कि 30 साल तक भाजपा की सरकार रहेगी, तो ये जनता को कहते हैं कि देखो वोट चोरी है, वरना अमित शाह जी को कैसे मालूम पड़ा। तो मैं बता दूँ अमित शाह तो यहां जन्मा है, यहां रहता है और यहीं मरेगा,  मुझे हर 6 महीने में विदेश नहीं जाना पड़ता है। मैं तो देश की जनता के बीच में रहता हूं। आप जिस तरह से नाकारात्मक राजनीति कर रहे है, उसके आधार पर मैं कहता हूं कि अगले 30 साल तक आपकी सरकार नहीं बनने वाली है।

धरना प्रदर्शन से कुछ नहीं होता

अमित शाह ने कहा भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर मोदी जी तक, सभी जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और दु:खों के उपाय के लिए कार्य करते हैं। राजनीतिक हथकंडों से, भीड़तंत्र से, आप (कांग्रेस) देश के जनादेश को झुठला नहीं सकते, चुनाव जीतना है, तो लोगों के बीच में रहिए, लोगों के दुःख-दर्द की पूछताछ करिए , धरना प्रदर्शन से कुछ नहीं होता, जहां पर भी चुनकर आए हैं, वहां योजनाएं लाइए, काम करिए, वरना बचा-खुचा भी आपका चला जाएगा, कोई नहीं रोक पाएगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews
राहुल गांधी पर अमित शाह का हमला, "अगले 30 साल तक आपकी सरकार नहीं बनने वाली, भीड़तंत्र से जनादेश को झुठला नहीं सकते