राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रदर्शन के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस आंदोलन पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल रांची में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने डिजिटल माध्यमों के दुरुपयोग को लेकर चिंता जताई और कहा कि देश के युवाओं को विदेश से प्रभावित कर नकारात्मक राजनीति की ओर धकेलने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।
दरअसल नितिन नवीन ने कहा कि भारत का युवा अपनी मेहनत, प्रतिभा और सकारात्मक सोच के दम पर देश को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर युवाओं के बीच भ्रम फैलाने और उन्हें गलत दिशा में ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत का युवा सकारात्मक राजनीति में विश्वास करता है और लोकतंत्र की मर्यादा बनाए रखते हुए अपनी बात रखना जानता है।
युवाओं से सतर्क रहने की अपील की
उन्होंने लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन के अधिकार का समर्थन किया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि किसी भी आंदोलन के नाम पर लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक संतुलन को नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा। नितिन नवीन ने युवाओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि डिजिटल युग में सूचनाओं का सही इस्तेमाल बेहद जरूरी है और किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार से बचना चाहिए।
क्या अभिजीत दीपके पर साधा निशाना?
वहीं भाजपा अध्यक्ष का इशारा ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके की ओर माना जा रहा है। अभिजीत दीपके हाल ही में अमेरिका से भारत लौटे हैं और उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का नेतृत्व किया। उन्होंने सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए बड़ी संख्या में युवाओं को इस आंदोलन से जोड़ा है। कुछ ही समय में उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लाखों फॉलोअर्स जुड़ गए हैं, जिससे यह आंदोलन तेजी से चर्चा में आया।
युवाओं को किसी बाहरी प्रभाव में आकर भ्रमित नहीं होना चाहिए
नितिन नवीन ने कहा कि भारत का युवा गांवों, खेतों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में मेहनत कर अपने भविष्य का निर्माण कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को किसी बाहरी प्रभाव में आकर भ्रमित नहीं होना चाहिए। भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल देश के विकास, शिक्षा और युवाओं की प्रगति के लिए होना चाहिए, न कि असंतोष और भ्रम फैलाने के लिए।
इधर, दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नेतृत्व में प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। यह प्रदर्शन CBSE परीक्षा संचालन में कथित अनियमितताओं और NEET-UG परीक्षा से जुड़े विवादों को लेकर आयोजित किया गया था। बड़ी संख्या में छात्र और युवा इस आंदोलन में शामिल हुए और उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर नारेबाजी की।






