चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का स्वास्थ्य अचानक बिगड़ गया, जिसके बाद उन्हें तत्काल मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक, संगरूर दौरे से लौटने के बाद उन्हें बेचैनी महसूस हुई, जिसके चलते एहतियातन उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम उनकी देखरेख कर रही है.
सीएम मान की तबीयत बिगड़ने के कारण उनके कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं. इसमें उनका फाजिल्का का दौरा और 16 फरवरी को मोगा में होने वाली एक बड़ी रैली भी शामिल है. मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों का कहना है कि जब तक उनकी सभी मेडिकल जांच की रिपोर्ट सामान्य नहीं आ जाती, तब तक वह डॉक्टरों की निगरानी में अस्पताल में ही रहेंगे.
संगरूर में पूजा के बाद बिगड़ी तबीयत
घटनाक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान आज संगरूर के धुरी में श्री रंकेश्वर महादेव शिव मंदिर में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इस पूजा-अर्चना के दौरान उनके साथ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे. तीनों नेताओं ने मंदिर में आयोजित हवन-यज्ञ में हिस्सा लिया.
बताया जा रहा है कि इसी कार्यक्रम के बाद जब सीएम मान हेलीकॉप्टर से चंडीगढ़ के लिए लौट रहे थे, तो रास्ते में ही उन्हें कुछ घबराहट महसूस हुई. खबरों के मुताबिक, संगरूर में उनका रक्तचाप (Blood Pressure) बढ़ गया था, जिसके बाद मौके पर ही उनकी जांच की गई थी. हालत में सुधार न होने पर उन्हें सीधे हेलीकॉप्टर से मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाने का फैसला किया गया.
अस्पताल में कड़ी सुरक्षा, मेडिकल बुलेटिन का इंतजार
मुख्यमंत्री के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया. अस्पताल के बाहर और आसपास के इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. पंजाब के डीजीपी गौरव यादव और मुख्य सचिव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने के लिए अस्पताल में मौजूद हैं.
हालांकि, देर शाम तक न तो फोर्टिस अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी किया गया है और न ही आम आदमी पार्टी या मुख्यमंत्री कार्यालय ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर कोई विस्तृत बयान दिया है. दोपहर करीब 3 बजे उन्हें अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने तुरंत उनका मेडिकल परीक्षण शुरू कर दिया था.





