भारत सरकार ने देश की सेनाओं सेना, नौसेना और वायुसेना के वीर जवानों को सम्मान देते हुए उनके लिए एक बड़ा फैसला लिया है, सरकार ने सेना में वीरता पदक से सम्मानित सैनिकों के लिए भारतीय रेलवे में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की है। यह सुविधा प्रथम श्रेणी, सेकेंड एसी या एसी चेयर कार में एक साथी के साथ उपलब्ध होगी।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक यह रियायत देश के बहादुर जवानों को सम्मानस्वरूप दी गई है। इसका लाभ उन सभी सैनिकों को मिलेगा जिन्हें सेना, नौसेना, वायुसेना (Army, Navy, Air Force) में वीरता पदक से सम्मानित किया गया है। खबर के मुताबिक पुरस्कार विजेताओं के जीवनसाथी भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इसमें विधवाएं और विधुर शामिल हैं (जब तक वे पुनर्विवाह नहीं करते)। इसके अतिरिक्त अविवाहित मरणोपरांत पुरस्कार विजेताओं के माता-पिता को आजीवन मुफ्त सफ़र की सुविधा मिलेगी।
ये भी पढ़ें
अभी तक चक्र विजेताओं के लिय थी ये सुविधा
उल्लेखनीय है कि अभी तक आजीवन मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा केवल परमवीर चक्र, महावीर चक्र, वीर चक्र, अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र पुरस्कार विजेताओं को मिलती थी लेकिन नए आदेश के बाद अब सेना, नौ सेना और वायु सेना के वीरता पदक विजेता सैनिक भी इसी श्रेणी में शामिल कर लिए गए हैं, यानि वे भी अब रेलवे में आजीवन मुफ्त यात्रा कर सकेंगे।
सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रयास
सरकार के इस फैसले को जानकार सशस्त्र बलों के जवानों का मनोबल बढ़ाने वाला फैसला बता रहे हैं, उनका मानना है कि यह केवल एक सुविधा नहीं है यह कदम देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले और वीरता दिखाने वाले सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता है। बताया जा रहा है कि रेलवे प्रशासन जल्द ही पात्र लाभार्थियों के लिए कॉम्प्लिमेंट्री लाइफटाइम रेल पास/कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।