शनिवार (9 मई) को पंजाब की राजनीति में उस समय बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया। ईडी ने लंबी पूछताछ और कई ठिकानों पर छापेमारी के बाद यह कार्रवाई की। सूत्रों के अनुसार, संजीव अरोड़ा के कई करीबी लोगों को भी हिरासत में लिया गया है, और उनके ठिकानों पर निदेशालय की छापामार कार्रवाई अब भी जारी है।
ईडी की टीम ने सुबह से ही संजीव अरोड़ा से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर सघन छापेमारी शुरू की थी। इस दौरान अधिकारियों ने महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की और कई संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ भी की। काफी देर तक चली इस कार्रवाई और छानबीन के बाद प्रवर्तन निदेशालय ने मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। आम आदमी पार्टी इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव का परिणाम बता रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल सभी की निगाहें ईडी की आगे की कार्रवाई और अरोड़ा की अदालत में पेशी पर टिकी हुई हैं।
अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर बोला हमला
इस घटनाक्रम पर दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब के हर घर में ईडी रेड की बात हो रही है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पंजाब में धक्के खा रहे हैं, लोग उन्हें खूब गालियां दे रहे हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि भाजपा वाले खुद भी अपनी पार्टी की खूब बुराई कर रहे हैं। केजरीवाल ने मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि मोदी जी ने पंजाब को कभी समझा ही नहीं। एक पंजाबी प्यार से आपको सब कुछ दे देगा, लेकिन अगर आप उसे धक्के मारेंगे, तो वह पूरी ताकत से पलटवार करेगा। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “मोदी जी, आगे बढ़ो और चार ईडी रेड करवाओ-भाजपा की सभी सीटों पर ज़मानत ज़ब्त हो जाएगी। जिन्हें तुम अरेस्ट करोगे वे चार दिन में बाहर आ जाएंगे, लेकिन भाजपा अगले बीस साल तक पंजाब में पैर रखने लायक नहीं रहेगी।”
इससे पूर्व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक मकसद पूरे करने के लिए ईडी और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। मुख्यमंत्री मान ने आगे कहा कि विपक्षी नेताओं को डराने और उन पर दबाव बनाने के लिए लगातार केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया।
औरंगजेब भी पंजाब को झुका नहीं पाया था: सिसोदिया
वहीं, आप नेता मनीष सिसोदिया ने भी इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर केंद्र सरकार को घेरा। सिसोदिया ने लिखा, “ईडी के डायरेक्टर से लेकर चपरासी तक, मोदी जी ने अब सबको पंजाब भेज दिया है। लेकिन मोदी जी, याद रखिए कि दिल्ली में बैठा औरंगज़ेब भी पंजाब को झुका नहीं पाया था। आप पंजाब को जितना दबाने की कोशिश करेंगे, वह उतनी ही मजबूती से तानाशाही के खिलाफ लड़ने के लिए खड़ा होगा।”
पंजाब के घर घर में ED रेड की चर्चा है। जिस तरह मोदी जी और बीजेपी पंजाब के साथ धक्का कर रहे हैं, लोग उन्हें खूब भला बुरा कह रहे हैं। यहाँ तक कि बीजेपी वाले ख़ुद भी बीजेपी की खूब बुराई कर रहे हैं।
मोदी जी पंजाब को कभी समझे ही नहीं। एक पंजाबी प्यार से अपना सब कुछ दे देगा, लेकिन…
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) May 9, 2026






