Hindi News

₹500 के नकली नोटों को पहचानना नहीं है अब मुश्किल! सेम टू सेम दिखने वाले नोट में हो गई है यह गलती, जानें कैसे पहचानें

Written by:Rishabh Namdev
Published:
हाल ही में यह साफ किया गया है कि देश में ₹500 के नकली नोटों में बढ़ोतरी हुई है। अच्छे-अच्छे जानकार लोग भी असली और नकली नोट के बीच का अंतर नहीं जान पा रहे हैं क्योंकि यह बिल्कुल असली नोट की तरह ही दिखते हैं, जिससे इन्हें पहचानना मुश्किल हो रहा है। लेकिन एक चीज ऐसी है जिससे आप इसे पहचान सकते हैं। जानें आखिर वह क्या है।
₹500 के नकली नोटों को पहचानना नहीं है अब मुश्किल! सेम टू सेम दिखने वाले नोट में हो गई है यह गलती, जानें कैसे पहचानें

आजकल बाजार में नकली नोटों की संख्या बढ़ गई है। कई जाली नोट बाजार में चलाए जा रहे हैं। न्यूज़18 की एक रिपोर्ट की मानें तो गृह मंत्रालय ने भी यह स्वीकार किया है कि बाजार में ₹500 के फर्जी नोटों की संख्या में बढ़ोतरी आई है और इन्हें इस तरह डिजाइन किया गया है जैसे असली नोट होते हैं। इनकी पहचान करना अच्छे-अच्छे अनुभवी लोगों के लिए भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में आपके लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि आपके पास जो नोट है, वह असली है या नकली। कहीं आपके साथ भी धोखा तो नहीं हो गया है।

आज इस खबर में हम आपको असली और नकली नोट के बीच का वह अंतर बता रहे हैं जो आपके बहुत काम आ सकता है। बाजार में जो नोट चलाए जा रहे हैं, वे बिल्कुल असली नोट की तरह ही दिखते हैं। ये फर्जी नोट प्रिंट और पेपर क्वालिटी में भी बहुत हद तक असली की तरह ही नजर आ रहे हैं।

ऐसे की जा सकती है पहचान!

अब सवाल उठता है कि आखिर हम इन नकली नोटों को कैसे पहचान सकते हैं। दरअसल, जो नकली नोट चलाए जा रहे हैं, वे ₹500 के हैं और इन ₹500 के नोटों में एक टाइपिंग मिस्टेक सामने आई है। नकली नोट में “Reserve Bank of India” की जगह “Resarve Bank of India” लिखा हुआ है, यानी इसमें E की जगह A कर दिया गया है। असली नोट में स्पेलिंग सही लिखी होती है, लेकिन नकली नोट में यह स्पेलिंग मिस्टेक है। इसे लेकर गृह मंत्रालय की ओर से अलर्ट भी जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि यह बेहद मामूली सी गलती है और जब तक इसे सावधानीपूर्वक न देखा जाए, तब तक इसकी पहचान करना बहुत मुश्किल हो सकता है।

हमेशा ध्यान रखें यह बात

वहीं, गृह मंत्रालय की ओर से इससे जुड़ी सभी महत्वपूर्ण एजेंसियों को जानकारी दी गई है, जिनमें डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस, फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट, सीबीआई, आईबी, सेबी और अन्य प्रमुख बैंक एवं वित्तीय संस्थान शामिल हैं। इसके अलावा इन एजेंसियों को फर्जी नोट की पहचान के लिए जाली करेंसी के फोटो भी भेजे गए हैं और अब इन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, जिससे इन जाली करेंसी की पहचान हो सके। सरकार ने बैंक कैशियर से लेकर आम जनता तक को अलर्ट रहने की अपील की है। अगर आपके पास भी गलत स्पेलिंग वाला नोट आता है तो यह नकली नोट है। ऐसे में आप अपनी जेब में रखे ₹500 के नोट को चेक कर सकते हैं। जब भी आप किसी से लेन-देन करें, तो इस बात का जरूर ध्यान रखें।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews