आज देश में 15 अगस्त के दिन 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। हर तरफ देशवासियों में देशभक्ति का जोश देखने को मिल रहा है। सबसे पहले आज प्रधानमंत्री ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उसके बाद लाल किले पर तिरंगा फहराया गया। प्रधानमंत्री मोदी लाल किले पर सबसे ज्यादा बार तिरंगा फहराने वाले तीसरे प्रधानमंत्री हैं। अब तक वह 12 बार तिरंगा फहरा चुके हैं।
दरअसल, सबसे ज्यादा बार पंडित जवाहरलाल नेहरू ने तिरंगा फहराया। उन्होंने बतौर प्रधानमंत्री 17 बार तिरंगा फहराया। इसके बाद इंदिरा गांधी ने 16 बार तिरंगा फहराया। प्रधानमंत्री मोदी के बाद मनमोहन सिंह ने 10 बार तिरंगा फहराया।
दिवाली पर देशवासियों को मिलने वाला है तोहफा: प्रधानमंत्री मोदी
दरअसल इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘इस दिवाली में आपकी डबल दिवाली करने वाला हूं। बड़ा तोहफा देशवासियों को मिलने वाला है। हमने नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म के लिए टास्क फोर्स बनाने का फैसला किया है। हमारा मकसद अब हर तरह का सुधार करना है। समय की मांग है कि जीएसटी की दरों की समीक्षा हो। हम नई जेनरेशन का जीएसटी रिफॉर्म लेकर आ रहे हैं। सामान्य लोगों के लिए टैक्स कम होगा। जीएसटी की दरें भारी मात्रा में कम होंगी।’
आज से शुरू हुई विकसित भारत रोजगार योजना
वहीं इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बड़ा ऐलान किया। दरअसल उन्होंने कहा कि ‘देश के नौजवानों के लिए बड़ी खबर है। आज 15 अगस्त के ही दिन मेरे देश के युवाओं के लिए एक लाख करोड़ रुपए की योजना हम चालू कर रहे हैं। आज से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना लागू हो रही है। इस योजना के तहत निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले बेटे-बेटी को 15 हजार रुपए सरकार की ओर से दिए जाएंगे। कंपनियों को भी जो ज्यादा रोजगार जुटाएगा, उन्हें प्रोत्साहन राशि मिलेगी। यह योजना करीब 3.5 करोड़ नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर बनाएगी।’
दाम कम, लेकिन दम ज्यादा हो: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘जब हमे फर्टिलाइजर्स के लिए भी दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में मैं देश के उद्योग जगत, प्राइवेट सेक्टर को कहना चाहता हूं कि फर्टिलाइजर्स का भंडार भर दें। अपना फर्टिलाइजर तैयार करें, दूसरों पर निर्भर नहीं रहें। आज दुनिया MSMEs का लोहा मानती है। हम कॉम्प्रिहेंसिव, इंटीग्रेटेड विकास की राह पर चलना चाहते हैं। हमें विश्व बाजार में क्वालिटी में नई ऊंचाइयों पर जाना होगा। दुनिया क्वालिटी चाहती है। हमारे प्रोडक्शन की कॉस्ट कैसे कम हो, इस पर काम करें। दाम कम, लेकिन दम ज्यादा हो, इस भाव को लेकर आगे बढ़ना है।’
लड़ाकू विमानों के लिए अपना इंजन होना चाहिए: पीएम मोदी
देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, ‘आज हम समुद्र मंथन की ओर जा रहे हैं। नेशनल डीप वाट मिशन भी जल्द ही शुरू होगा। समंदर में गैस और तेल के भंडार छिपे हुए हैं। आज देश में स्पेस सेक्टर में तेजी से काम हो रहा है। हम स्पेस में अपना स्पेस सेंटर बनाएंगे। मैं लाल किले के प्राचीर से देश के युवाओं, इंजीनियरों और पेशेवरों का आह्वान करता हूं कि क्या आज हमारा अपना मेड इन इंडिया फाइटर जेट इंजन नहीं हो सकता? जरूर होना चाहिए। लड़ाकू विमानों के लिए अपना इंजन होना चाहिए।’
#WATCH | PM Narendra Modi says, “…We are working on semiconductors on Mission Mode…By the end of this year, Made in India semiconductor chips, made by the people in India, will hit the market.”
Video: DD pic.twitter.com/SM5oTOhjAO
— ANI (@ANI) August 15, 2025
यह महापर्व 140 संकल्पों का पर्व है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा, “आजादी का यह महापर्व 140 संकल्पों का पर्व है। हमारा यह पर्व सामूहिक सिद्धियों और गौरव का पर्व है। आज हमारा देश एकता की भावना को मजबूती दे रहा है। देशवासी आज तिरंगे के रंग में रंगे हुए हैं। हिमालय हो या रेगिस्तान या समुद्र तट, हर तरफ एक ही गूंज सुनाई दे रही है आज हमारे प्राण से भी प्यारी मातृभूमि का जयगान हो रहा है।” आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना संबोधन सेना के शौर्य को समर्पित करेंगे। बता दें कि इस बार की थीम “नया भारत” है।
पिछले कुछ दिनों में प्राकृतिक आपदाएं झेली: प्रधानमंत्री
वहीं, इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज हम श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती भी मना रहे हैं। भारत के संविधान के लिए वह जान देने वाले पहले पुरुष थे। आज हमारा देश धारा 370 की दीवार गिराकर आगे बढ़ रहा है। इस संविधान के मंत्र को जब सरकार ने लागू किया, तब डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि दी गई। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में प्राकृतिक आपदाएं, बादलों की आपदा न जाने कितनी आपदाएं झेली गई हैं। पीड़ितों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं। हम राज्य सरकारों के साथ बचाव के काम में जुटे हुए हैं।






