MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

पश्चिम बंगाल: कोलकाता में सुहरावर्दी एवेन्यू का नाम बदला, अब ‘गोपाल मुखर्जी रोड’ के नाम से जानी जाएगी सड़क, सीएम शुभेंदु अधिकारी ने दी जानकारी

कोलकाता नगर निगम (KMC) ने सुहरावर्दी एवेन्यू का नाम बदलकर गोपाल मुखर्जी रोड कर दिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने KMC के फैसले पर खुशी जताई है।
Gopal Mukherjee Road

कहते हैं सत्ता बदलने के बाद कई चीजों में बदलाव आ जाता है। राजनीति का भी ऐसा ही कुछ सिद्धांत है। देश-प्रदेश की सरकार बदलने के बाद कुछ नया देखने को मिलता है। पश्चिम बंगाल में भी कुछ ऐसा ही हुआ है। तृणमूल कांग्रेस की सरकर जाते ही भाजपा ने अपनी सरकार बनाई। जिसके बाद राज्य में कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इस बीच, कोलकाता में एक बड़ा ऐतिहासिक और राजनीतिक बदलाव हुआ है।

कोलकाता नगर निगम (KMC) ने सुहरावर्दी एवेन्यू का नाम बदलकर गोपाल मुखर्जी रोड कर दिया है। इस संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा की। उन्होंने इस कदम का स्वागत करते हुए इसे एक ऐतिहासिक भूल को सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

मुख्यमंत्री ने की कोलकाता नगर निगम के फैसले की तारीफ

मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा कि मैं शनिवार को पश्चिम बंगाल दिवस के खास मौके पर कोलकाता नगर निगम के लिए गए ऐतिहासिक फैसले की तारीफ़ करता हूं, जो एक ऐतिहासिक गलती को सुधारने में मददगार होगा। हरावर्दी एवेन्यू का नाम अब गोपाल मुखर्जी रोड रखा जाएगा।

शुभेंदु अधिकारी ने आगे कहा कि वर्षों तक कोलकाता की एक प्रमुख सड़क का नाम ऐसे व्यक्ति के नाम पर रहा, जिन पर सत्ता का दुरुपयोग कर राजनीतिक लाभ के लिए निर्दोष लोगों के नरसंहार का आरोप लगाया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि इस सड़क का नाम बदलकर श्री गोपाल मुखर्जी के नाम पर रखा जाना ऐतिहासिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सीएम अधिकारी ने कहा, गोपाल मुखर्जी एक निडर व्यक्तित्व थे, जिन्होंने कठिन समय में हजारों निर्दोष लोगों की रक्षा के लिए अग्रणी भूमिका निभाई थी। अधिकारी ने कहा कि अब समय आ गया है कि पश्चिम बंगाल अपने वास्तविक नायकों को याद करे, उन्हें उचित सम्मान दे और उनके योगदान को सही स्थान प्रदान करे।

शुभेंदु अधिकारी ने पिछली सरकार पर बोला हमला

सीएम शुभेंदु अधिकारी ने पूर्ववर्ती कांग्रेस, वामपंथी और तृणमूल कांग्रेस सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर बंगाल के विभाजन और हिंदुओं के नरसंहार से जुड़े आरोप लगाए जाते रहे हैं, उन्हें दशकों तक धर्मनिरपेक्षता के नाम पर महिमामंडित किया गया। उनके अनुसार, कोलकाता के मध्य में सुहरावर्दी के नाम पर सड़क का होना बंगाल के लोगों के पुराने घावों को ताजा करने जैसा था। अधिकारी ने कहा कि सड़क का नाम बदलकर गोपाल मुखर्जी के नाम पर किया जाना एक ऐतिहासिक सुधार है और इससे उन लोगों को उचित सम्मान मिला है, जिन्हें वह समाज का सच्चा रक्षक मानते हैं। उन्होंने इसे वीरों और शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews
पश्चिम बंगाल: कोलकाता में सुहरावर्दी एवेन्यू का नाम बदला, अब 'गोपाल मुखर्जी रोड' के नाम से जानी जाएगी सड़क, सीएम शुभेंदु अधिकारी ने दी जानकारी - MP Breaking News