Hindi News

मालेगांव ब्लास्ट केस: साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने अदालत के फैसले को बताया सत्य और धर्म की जीत, कांग्रेस पर लगाया षड्यंत्र का आरोप

Written by:Shruty Kushwaha
Published:
मालेगांव बम विस्फोट मामले में विशेष एनआईए अदालत द्वारा सभी सात आरोपियों को बरी किए जाने के बाद प्रज्ञा ठाकुर ने इसे सनातन और भगवा की विजय बताया है। इसी के साथ उन्होंने आरोप लगाया कि ये पूरी कांग्रेस की साज़िश थी। उन्होंने कहा कि बनावटी चीज का कोई आधार नहीं होता है और अदालत के फैसले से ये बात साबित हो गई है।
मालेगांव ब्लास्ट केस: साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने अदालत के फैसले को बताया सत्य और धर्म की जीत, कांग्रेस पर लगाया षड्यंत्र का आरोप

मालेगांव ब्लास्ट मामले में मुंबई की विशेष एएनआई अदालत द्वारा सभी आरोपियों को बरी किए जाने के बाद पूर्व बीजेपी सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने इसे सत्य और धर्म की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि सत्य हमेशा मेरे साथ था..ये भगवा की, सनातन की और राष्ट्र की विजय है।

इसी के साथ उन्होंने आरोप लगाया कि ये पूरा केस कांग्रेस ने षड्यंत्र करते हुए रचा और जब कोई चीज़ बनावटी होती है तो उसका कोई आधार नहीं होता है। इसी के साथ उन्होंने कांग्रेस को विधर्मी बताते हुए कहा कि वो न कभी देशभक्त पार्टी थी न ही कभी बन पाएगी।

मालेगांव ब्लास्ट केस में सभी आरोपियों को बरी किया गया

दो दिन पहले मुंबई स्थित विशेष एनआईए अदालत ने 2008 मालेगांव बम विस्फोट मामले में पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित समेत सभी सात आरोपियों को बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने में नाकाम रहा और प्रस्तुत सबूत विश्वसनीय व पर्याप्त नहीं थे।

क्या है मामला

बता दें कि ये घटना 29 सितंबर 2008 को हुई। महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव में रमजान और नवरात्रि से ठीक पहले भिक्कू चौक पर एक मस्जिद के पास मोटरसाइकिल में बम विस्फोट हुआ। इस धमाके में 6 लोग मारे गए और 100 से अधिक लोग घायल हुए। इसकी शुरुआती जांच स्थानीय पुलिस ने की और फिर बाद में केस महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) को सौंपा गया।

प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा ‘सत्य और धर्म की विजय हुई’

अब इस केस पर कोर्ट के फैसले को साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने धर्म की और सत्य की जीत बताया है। एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ‘मैंने कहा था सत्यमेव जयते। सत्य कभी भी पराजित नहीं होता। जो सत्य था वो मेरे साथ था। भगवा की विजय हुई, सनातन की विजय हुई, राष्ट्र की विजय हुई। विधर्मियों का नाश हुआ है। यब सुनिश्चित था। मैंने सत्रह साल में बहुत कुछ झेला बहुत कष्ट सहे लेकिन देश के लिए जो कुछ भी कर सकते हैं करूंगी। हम कभी भी देश को कोई आंच नहीं पहुंचने देंगे।’

प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए उसे विधर्मी करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ये पूरा केस कांग्रेस की साज़िश थी। इसी के साथ उन्होंने कहा कि ‘कांग्रेस आतंकवादियों के लिए सम्मानसूचक बातें करती है और जब भी हिंदुओं की या देश की बात होती है तो ये विरोध करते हैं।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस न कभी देशभक्त पार्टी थी न कभी बन पाएगी।