प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (रविवार) मेरठ को एक बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। वह यहां देश की पहली रीजनल रैपिड रेल सिस्टम ‘नमो भारत’ के विस्तारीकरण और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। इस महत्वपूर्ण परियोजना के शुरू होने से दिल्ली-मेरठ के बीच यात्रा का समय काफी घट जाएगा, जिससे लाखों यात्रियों को सुविधा होगी। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोहिउद्दीनपुर में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पीएम मोदी सफदरजंग एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर द्वारा दोपहर लगभग 12:20 बजे मेरठ के शताब्दी नगर स्टेशन के पास बने हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे वह शताब्दी नगर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे।
सीएम योगी ने खुद संभाला मोर्चा
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को खुद मेरठ पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। सीएम योगी ने लगभग डेढ़ घंटे तक विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया, जिसमें शताब्दीनगर मेट्रो स्टेशन, मेरठ साउथ स्टेशन और मोहिउद्दीनपुर स्थित जनसभा स्थल शामिल थे।
शताब्दीनगर स्टेशन पर सीएम योगी ने उस मंच का निरीक्षण किया, जहां से प्रधानमंत्री ट्रेन को रवाना करेंगे। उन्होंने प्लेटफॉर्म पर व्यवस्थाओं को देखा और रैपिड रेल सिस्टम को विश्वस्तरीय बताते हुए इसकी सराहना की।
अधिकारियों को ट्रैफिक मैनेजमेंट पर सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक जाम की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “आपके पास जितने भी संसाधन और फोर्स है, सभी को लगा दीजिए, लेकिन कार्यक्रम के दौरान जाम किसी भी हालत में नहीं लगना चाहिए।”
इसके अलावा, सीएम योगी ने पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ एक समीक्षा बैठक भी की। उन्होंने जनसभा में आने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या, उनके वाहनों की पार्किंग और उनके लिए भोजन-पानी की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यकर्ताओं को समय पर जनसभा स्थल तक पहुंचाया जाए और उनके लिए सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।






