नई दिल्ली. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को मोदी सरकार पर अब तक का सबसे सीधा और निजी हमला बोला। संसद में नेता विपक्ष राहुल गांधी का बचाव करते हुए उन्होंने कहा, “एक ही व्यक्ति है इस देश में, जो 12 साल में इनके सामने झुका नहीं है। वो नेता विपक्ष राहुल गांधी हैं। वो इस सदन में खड़े होकर बेझिझक सच बोलते हैं और सच इनसे पचता नहीं है।”
प्रियंका का यह बयान उस वक्त आया जब सदन में गहमागहमी का माहौल था। उन्होंने सरकार पर राहुल गांधी की छवि खराब करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करने का भी आरोप लगाया। संसद के बाहर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “बीजेपी ने उन्हें रोकने के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर दिए, सोशल मीडिया कैंपेन चलाए, लेकिन सच्चाई सबके सामने है।”
ये भी पढ़ें
‘LPG, बेरोज़गारी पर चुप्पी, नेहरू-इंदिरा पर चर्चा क्यों?’
प्रियंका गांधी ने देश के असल मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि संसद में वंदे मातरम, नेहरू जी और इंदिरा जी की बातें तो होती हैं, लेकिन आम आदमी से जुड़े मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं होती।
उन्होंने कहा, “हमारे किसान परेशान हैं। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। देश की सारी संपत्ति कुछ उद्योगपतियों को दी जा रही है। लेकिन इन सवालों का कोई जवाब नहीं देता।”
‘संकट और बढ़ेगा, सरकार अमेरिका के आगे झुक गई’
प्रियंका ने आने वाले दिनों में देश पर आर्थिक संकट और गहराने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “एक तरफ मोदी सरकार ट्रेड डील में अमेरिका के आगे झुक गई है, दूसरी तरफ जंग चल रही है। इससे देश पर संकट बढ़ेगा।”
उन्होंने LPG संकट का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने इस ऊर्जा संकट पर सरकार को पहले ही आगाह किया था। प्रियंका ने जोर देकर कहा, “राहुल गांधी ने जो कहा है, वो सच हुआ है। आज लोग देख रहे हैं कि वह सच बोलने से पीछे नहीं हटते, इसीलिए सत्ता में बैठे लोगों को इनके सच से डर लगता है।”