पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी से जुड़ी अफवाहों पर विराम लगा दिया है। शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य के पास इन सभी पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और लोगों को घबराने या बेवजह भंडारण करने की कोई जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की वर्चुअल बैठक के बाद यह जानकारी दी।
सीएम मान ने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक में युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम उत्पादों और गैस की सप्लाई में आ रही दिक्कतों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि समुद्र मार्ग में रुकावट के चलते कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे पूरे विश्व में पैनिक का माहौल है। इस बैठक में सभी राज्यों ने अपना-अपना पक्ष रखा। पंजाब ने खेती और सीमा से जुड़े मुद्दे प्रधानमंत्री के सामने रखे।
‘विश्व गुरु की बजाय अब हम विश्व चेले बनते जा रहे हैं’
“विश्व गुरु बनने की बातें हम कर रहे हैं लेकिन अब जो स्थिति है वो कुछ अलग डायरेक्शन में जा रही है कि भारत को व्हाइट हाउस से आर्डर आता है कि आपको एक महीने के लिए रूस से कच्चा तेल खरीदने की इजाजत दी गई है। क्या अब हम व्हाइट हाउस से इजाजत लेकर अपना देश चलाएंगे? विश्व गुरु की बजाय अब हम विश्व चेले बनते जा रहे हैं।” (भगवंत मान, मुख्यमंत्री, पंजाब)
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कई देशों के प्रधानमंत्रियों या राष्ट्रपतियों के साथ अच्छे संबंध और दोस्ती है। उन्होंने इस दोस्ती का इस्तेमाल कर युद्ध में फंसे भारतीयों को संकट से निकालने और देश में पेट्रोलियम पदार्थ तथा एक्सपोर्ट-इंपोर्ट में कोई दिक्कत न आए, इसके लिए कदम उठाने की बात कही।
सीएम मान ने बताया कि संकट के वक्त पंजाब हमेशा देश का साथ देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि गेहूं की फसल मंडी में आने वाली है, जिसके लिए ट्रैक्टर, कंबाइन मशीनें और ट्रक चलेंगे। ऐसे में डीजल और पेट्रोल की कमी नहीं होनी चाहिए क्योंकि यह गेहूं पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम के लिए नेशनल पूल में दिया जाता है और पंजाब केंद्र सरकार का ही काम कर रहा है। उन्होंने जोर दिया कि फसल मंडी में आने, बिकने और गोदामों तक पहुंचने के लिए तेल की दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
पंजाब के पास 12 से 14 दिन का तेल स्टॉक- सीएम
मुख्यमंत्री ने पंजाब में तेल के स्टॉक की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य के पास अभी 12 से 14 दिन का तेल स्टॉक है, जो पहले भी इतना ही होता था। उन्होंने कहा कि इसमें फिलहाल कोई कमी नहीं है और फैलाई जा रही अफवाहों से पंजाब के लोगों को बचने की जरूरत है। उन्होंने लॉकडाउन लगने की बात को भी अफवाह बताया और कहा कि जरूरी चीजें बाजार से खत्म हो जाएंगी और इन्हें स्टॉक करके घर में रख लें, ऐसी सभी बातें बेबुनियाद हैं।
सीएम मान ने जानकारी दी कि पंजाब सरकार लगातार केंद्र सरकार के गृह विभाग और पेट्रोलियम विभाग के साथ संपर्क में है। चीफ सेक्रेटरी सभी जिलों के डीसी से पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार, देश के 41 अलग-अलग देशों के साथ इंपोर्ट के समझौते हैं। देश में 7 दिन के कच्चे तेल की जरूरत और एक महीने की गैस सप्लाई सिक्योर की गई है। पंजाब के पास फिलहाल 12 दिन के लिए पेट्रोल, 14 दिन के लिए डीजल और 6 दिन के लिए एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक है। यह आम हालत में जरूरत को पूरा करने के लिए काफी है और 2 महीने पहले भी इतना ही स्टॉक रहता था। उन्होंने स्वीकार किया कि फिलहाल डिमांड बढ़ गई है, लेकिन युद्ध शुरू होने से पहले भी इतना ही स्टॉक होता था और डिमांड पूरी की जा रही है।
सीएम भगवंत मान की नागरिकों से अपील
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे रुटीन की तरह ही एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थों का इस्तेमाल करें और स्टोर करने की कोशिश न करें। उन्होंने चीफ सेक्रेटरी और लोकल डीसी को निर्देश दिए हैं कि जिस भी पेट्रोल पंप पर लाइन लग रही है, वहां की स्थिति चेक की जाए, क्योंकि लाइन लगने वाले हालात अभी नहीं बने हैं। केंद्र सरकार ने रात में 70% कमर्शियल सप्लाई बढ़ाने का ऐलान किया है, जिस पर सीएम ने केंद्र से कमर्शियल सप्लाई पर लगी पाबंदी हटाने का आग्रह किया ताकि फैक्ट्रियों को हफ्ते में 2 दिन काम बंद रखने को न कहना पड़े। फैक्ट्रियां चलने से हजारों लोगों के घरों के चूल्हे जलते हैं और मजदूरों को दिहाड़ी का काम मिलता है।
उन्होंने कहा कि पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम में किसी अनाज की सप्लाई की कोई कमी नहीं है। पंजाब ने केंद्र सरकार से डीएपी खाद की पूरी सप्लाई मुहैया कराने की मांग की है क्योंकि 1 जून से राज्य में धान की फसल की रोपाई शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि मीडिया को सही जानकारी देने के लिए एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया गया है ताकि जनता के बीच पैनिक न फैले और सही जानकारी उन तक पहुंचाई जा सके। राज्य सरकार के अधिकारियों की तेल कंपनियों के चंडीगढ़ के अधिकारियों के साथ मीटिंग हुई है और वे लगातार उनके संपर्क में हैं।
पंजाब सरकार और तेल कंपनियों की विशेष टीमें तैनात
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार और तेल कंपनियों की विशेष टीमें कालाबाजारी, जमाखोरी और गैर-कानूनी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए तैनात की गई हैं। इन टीमों ने 27 मार्च तक 1497 चेकिंग की और 301 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए जो ब्लैक मार्केटिंग में बेचने का प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने चेतावनी दी कि ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएम मान ने केंद्र सरकार से एक महत्वपूर्ण मांग रखी है। उन्होंने कहा कि शहरी इलाकों में सिलेंडर दोबारा भरवाने का वेट पीरियड 25 दिन है, जबकि ग्रामीण इलाकों में 45 दिन है। केंद्र सरकार के आंकड़े कहते हैं कि गांवों में एलपीजी गैस का चूल्हा कम इस्तेमाल होता है और लकड़ी का ईंधन के तौर पर इस्तेमाल भी होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उस तरह का जमाना नहीं रहा और गांव भी शहरों की तरह बन गए हैं, इसलिए ग्रामीण इलाके की वेटिंग को भी 25 दिन किया जाना चाहिए। केंद्र सरकार ने इस बात को नोट किया है।
पंजाब अपने भंडार देश के लिए खोलने को तैयार
मान ने प्रधानमंत्री को याद दिलाया कि राज्य के पास 41 लाख मिट्रिक टन गेहूं पहले से गोदामों में पड़ा है और इस गेहूं सीजन में 130 लाख मिट्रिक टन गेहूं और आने वाला है, यानी कुल 171 लाख मिट्रिक टन गेहूं उपलब्ध होगा। इसके अलावा, 139 लाख मिट्रिक टन चावल भी गोदामों में पड़ा है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस अनाज को उठाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत इस अनाज को किसी भी राज्य में ले जाया जा सकता है और पंजाब अपने भंडार देश के लिए खोलने को तैयार है। इससे गोदाम अगली प्रोक्योरमेंट के लिए खाली हो जाएंगे और संकट के वक्त में पंजाब की संकटमोचन बनने की रिवायत बरकरार रहेगी।
सीएम ने मांग की कि केंद्र सरकार स्पेशल ट्रेनें लगाकर गोदाम खाली करवाए ताकि प्रोक्योरमेंट में दिक्कत न आए और खुले में अनाज रखने से नुकसान भी न हो, क्योंकि मौसम काफी अनप्रिडिक्टेबल हो गया है। उन्होंने बताया कि पंजाब के पास 155 लाख मिट्रिक टन अनाज रखने के लिए कवर्ड गोदाम हैं और अगर केंद्र सरकार पुराना अनाज उठा लेती है तो सारी गेहूं उसमें रखी जा सकेगी।
पंजाब में स्थिति बिल्कुल ठीक, सीएम ने लोगों को किया आश्वस्त
मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया कि पंजाब में स्थिति बिल्कुल ठीक है और कोई पैनिक की स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि कोई रिस्क लेने की जरूरत नहीं है कि आप अपने घर में पेट्रोल-डीजल को स्टोर करके रख लें जिससे कोई हादसा हो सकता है। उन्होंने बताया कि गृहमंत्री भी वर्चुअल मीटिंग में मौजूद थे और प्रधानमंत्री ने सहयोग का आश्वासन दिया है। अगर कोई पेट्रोल पंप वाला कम तेल देता है या ज्यादा तेल स्टोर करने की बात कहता है तो लोग जिला और तहसील स्तर के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं, उन पर कार्रवाई की जाएगी।
कल की मीटिंग में मुख्यमंत्री ने गेहूं की फसल की लिफ्टिंग करवाने पर खास जोर दिया है क्योंकि सीसीएल यानी कैश क्रेडिट लिमिट का पैसा पंजाब के पास आ चुका है। उन्होंने आग्रह किया कि इंटरनेशनल लेवल पर यह देखा जाए कि भारत की किसी से कोई लड़ाई नहीं है, ऐसे में तेल, एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम पदार्थ या गैस लाने वाले जहाज भारत में आसानी से आ सकें ताकि सप्लाई चेन में कोई दिक्कत न आए।
सीएम मान ने मीडिया से अनुरोध किया कि ब्रेकिंग न्यूज में कोई पैनिक की स्थिति न फैलाएं। उन्होंने कहा कि पंजाब में पेट्रोल-डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है, सारे स्टॉक पर नजर रखी जा रही है और इस बार पंजाब में गेहूं की बढ़िया पैदावार होगी। पानी की कमी न हो, इसके लिए खेतों में पूरा पानी पहुंचाने का भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले केंद्र सरकार द्वारा पंजाब के गोदाम मई-जून तक खाली होते थे, लेकिन देश को अब संकट में अनाज की जरूरत पड़ सकती है, इसलिए केंद्र सरकार से गेहूं के प्रोक्योरमेंट से पहले गोदामों से अनाज उठाने का आग्रह किया गया है।
LPG की सप्लाई में कोई कमी नहीं- CM मान
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि परसों तक एलपीजी की 71000 सिलेंडर की बुकिंग थी, जिसमें से 69000 पूरी कर दी गई हैं। सप्लाई में कोई कमी नहीं है, लेकिन लोग ज्यादा ऑर्डर करने लगे हैं। उन्होंने लोगों से घबराने के बजाय जरूरत के अनुसार ही एलपीजी सिलेंडर की स्टोरेज रखने की अपील की। उन्होंने माना कि गेहूं का सीजन होने के कारण किसान पेट्रोल-डीजल स्टोरेज करने लगे हैं, जिससे कुछ पेट्रोल पंप पर लाइनों की स्थिति बनी है, लेकिन स्टॉक की कोई कमी नहीं है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी घटाने का स्वागत किया, जिससे पेट्रोल-डीजल सस्ता होगा और यह संदेश जाएगा कि मुश्किल वक्त में रेट नहीं बढ़ाए जा सकते। उन्होंने बताया कि जनता के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने भी आश्वासन दिया है कि केंद्र सरकार फसलों की कटाई के दौरान पंजाब को कोई दिक्कत नहीं आने देगी। बठिंडा प्लांट और पानीपत रिफायनरी से मिलने वाला कोटा भी बढ़ाया गया है। कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ शिकायत आने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। सीएम मान ने कहा कि अभी स्थिति सामान्य है, लेकिन कोई संकट आएगा तो पंजाब देश के साथ खड़ा होगा। पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है, इसलिए लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पर भी नियंत्रण रखा जाएगा और किसी तरह का कोई पैनिक या दिक्कत नहीं है। उन्होंने जनता से रोजमर्रा के काम आराम से करने और किसी भी तरह की स्टोरेज न करने की अपील की।






