Hindi News

राहुल गांधी ने भारत-US ट्रेड डील पर PM मोदी से पूछे पांच सवाल, किसानों के साथ विश्वासघात का लगाया आरोप

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका के साथ हुई व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री मोदी से पांच अहम सवाल किए हैं। उन्होंने इस डील को देश के किसानों के साथ विश्वासघात करार देते हुए सोशल मीडिया पर सरकार को घेरा है।
राहुल गांधी ने भारत-US ट्रेड डील पर PM मोदी से पूछे पांच सवाल, किसानों के साथ विश्वासघात का लगाया आरोप

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते पर सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने इस डील को किसानों के हितों के खिलाफ बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पांच सीधे सवाल पूछे हैं।

राहुल गांधी ने X पर एक विस्तृत पोस्ट साझा करते हुए कहा कि यूएस ट्रेड डील के नाम पर भारत के किसानों के साथ विश्वासघात हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से कुछ आसान लेकिन बेहद महत्वपूर्ण सवालों के जवाब मांगे हैं।

DDG आयात और GM मक्के पर पहला सवाल

राहुल गांधी ने अपने पहले सवाल में पूछा कि DDG इम्पोर्ट करने का वास्तव में क्या मतलब है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इसका अर्थ यह है कि भारतीय मवेशियों को GM अमेरिकी मक्का से बने डिस्टिलर अनाज खिलाए जाएंगे। उन्होंने चिंता जताई कि क्या इससे हमारे दूध उत्पाद प्रभावी रूप से अमेरिकी कृषि उद्योग पर निर्भर नहीं हो जाएंगे।

दूसरे सवाल में उन्होंने GM सोया तेल के आयात को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए पूछा कि अगर हम इसकी अनुमति देते हैं तो मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और देशभर के सोया किसानों का क्या होगा। उनका सवाल था कि ये किसान कीमतों में गिरावट का एक और झटका कैसे झेल पाएंगे।

अतिरिक्त उत्पाद और गैर-व्यापार बाधाओं को लेकर सवाल

तीसरे सवाल में राहुल गांधी ने पूछा कि जब सरकार अतिरिक्त उत्पाद कहती है तो उसमें क्या-क्या शामिल है। उन्होंने जानना चाहा कि क्या यह समय के साथ दाल और अन्य फसलों को अमेरिकी आयात के लिए खोलने के दबाव का संकेत है।

चौथे सवाल में उन्होंने गैर-व्यापार बाधाएं हटाने के मुद्दे को उठाया। राहुल गांधी ने पूछा कि इसका क्या मतलब है और क्या भविष्य में भारत पर GM फसलों पर अपने रुख को ढीला करने, खरीद को कमजोर करने या MSP और बोनस को कम करने का दबाव डाला जाएगा।

दरवाजा खुलने के बाद की चिंता

अपने पांचवें और आखिरी सवाल में राहुल गांधी ने पूछा कि एक बार यह दरवाजा खुल गया तो हर साल इसे और ज्यादा खुलने से कैसे रोका जाएगा। उन्होंने सवाल किया कि क्या इसकी कोई रोकथाम होगी या हर बार सौदे में धीरे-धीरे और भी फसलों को मेज पर रख दिया जाएगा।

राहुल गांधी ने जोर देते हुए कहा कि किसानों को इन मुद्दों पर सफाई तो मिलनी ही चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आज की बात नहीं है, बल्कि भविष्य की भी बात है। उनका सवाल था कि क्या हम किसी दूसरे देश को भारत के कृषि उद्योग पर लंबे समय की पकड़ बनाने दे रहे हैं।

कांग्रेस नेता का यह हमला ऐसे समय आया है जब भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर कृषि क्षेत्र में चिंताएं बढ़ रही हैं। विपक्ष का कहना है कि सरकार को इस डील के संभावित नतीजों के बारे में पारदर्शिता बरतनी चाहिए और किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews