Hindi News

राहुल गांधी ने MP के छात्र नेताओं की गिरफ्तारी पर साधा निशाना, कहा ‘भाजपा भारत के युवाओं का एकलव्य जैसा अंगूठा काट रही है’

Written by:Shruty Kushwaha
Last Updated:
NEYU के छात्र नेताओं राधे जाट और रंजीत किसानवंशी की गिरफ्तारी को लेकर अब राहुल गांधी ने सरकार पर आरोप लगाया है कि वो युवाओं का भविष्य खराब कर रही है। उन्होंने कहा कि 'मध्यप्रदेश में MPPSC में हुई गड़बड़ी का विरोध कर रहे दो छात्रों को जेल में डाल दिया गया है। वो भी तब जब मुख्यमंत्री ने खुद छात्रों से मुलाक़ात कर उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया था।'
राहुल गांधी ने MP के छात्र नेताओं की गिरफ्तारी पर साधा निशाना, कहा ‘भाजपा भारत के युवाओं का एकलव्य जैसा अंगूठा काट रही है’

Rahul Gandhi Criticizes BJP Over Arrest of Student Leaders : मध्य प्रदेश में NEYU से जुड़े दो छात्र नेताओं राधे जाट और रंजीत किसानवंशी की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस मामले पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा है कि ‘भाजपा भारत के युवाओं का बिल्कुल एकलव्य जैसा अंगूठा काट रही है, उनका भविष्य मिटा रही है।’

बता दें कि गुरुवार को पुलिस ने National Educated Youth Union से जुड़े दो छात्र नेताओं राधे जाट और रंजीत किसानवंशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद MPPSC के छात्र भड़क उठे। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, अरुण यादव, विक्रांत भूरिया सहित कई कांग्रेसी नेताओं ने कड़ा विरोध जताते हुए दोनों की तत्काल रिहाई की मांग की है।

क्या है मामला

यह घटनाक्रम 31 दिसंबर की रात से शुरू हुआ, जब MPPSC ने वर्ष 2025 के लिए नई अधिसूचना जारी की। इस अधिसूचना में 158 पदों की घोषणा की गई, जबकि पहले 700 पदों का वादा किया गया था। इसके बाद छात्र आक्रोशित हो गए। छात्र नेता राधे जाट और रंजीत किसानवंशी ने छात्र आंदोलन की रणनीति बनानी शुरू कर दी, लेकिन तभी पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

राहुल गांधी ने बीजेपी पर लगाया आरोप

इसे लेकर अब राहुल गांधी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने X पर लिखा है कि ‘भाजपा भारत के युवाओं का बिल्कुल एकलव्य जैसा अंगूठा काट रही है, उनका भविष्य मिटा रही है। सरकारी भर्ती में विफलता बड़ा अन्याय है। पहले तो भर्ती नहीं निकलती। भर्ती निकल जाए तो एग्जाम समय पर नहीं होते। एग्जाम हो तो पेपर लीक करवा दिए जाते हैं। और जब युवा न्याय मांगते हैं तब उनकी आवाज़ को बेरहमी से कुचला जाता है। हाल ही में UP और बिहार की घटनाओं के बाद अब मध्यप्रदेश में MPPSC में हुई गड़बड़ी का विरोध कर रहे दो छात्रों को जेल में डाल दिया गया है। वो भी तब जब मुख्यमंत्री ने ख़ुद छात्रों से मुलाक़ात कर उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया था। BJP की सरकार ने छात्रों के भरोसे को तोड़ा है और लोकतांत्रिक प्रणाली का गला घोंटा है। छात्रों के अधिकार की लड़ाई में हम उनके साथ हैं। भाजपा को देश के युवाओं के हक़ की आवाज़ किसी क़ीमत पर दबाने नहीं देंगे।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews