नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस समारोह 2026 का हिस्सा बनने की चाहत रखने वाले नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी कर दी गई है। रक्षा मंत्रालय (Ministry of Defence) ने घोषणा की है कि 26 जनवरी की परेड और बीटिंग रिट्रीट समारोह के लिए टिकटों की बिक्री 5 जनवरी 2026 से शुरू होगी। यह बिक्री प्रक्रिया 14 जनवरी तक जारी रहेगी। मंत्रालय ने लोगों की सुविधा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।
रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, टिकटों की उपलब्धता ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर होगी। टिकट खिड़की प्रतिदिन सुबह 9 बजे खुलेगी और निर्धारित दैनिक कोटा खत्म होने तक ही टिकटों की बिक्री की जाएगी।
क्या होगी टिकटों की कीमत?
मंत्रालय ने अलग-अलग समारोहों के लिए टिकटों की दरें निर्धारित की हैं। 26 जनवरी 2026 को कर्तव्य पथ पर होने वाली मुख्य परेड के लिए टिकट दो श्रेणियों में उपलब्ध होंगे, जिनकी कीमत ₹100 और ₹20 रखी गई है। इसके अलावा, 29 जनवरी को राष्ट्रपति भवन के सामने होने वाले मुख्य ‘बीटिंग रिट्रीट’ समारोह के टिकट ₹100 में मिलेंगे। वहीं, 28 जनवरी को होने वाली बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल के टिकट मात्र ₹20 में खरीदे जा सकेंगे।
ऑनलाइन बुकिंग का तरीका
डिजिटल इंडिया पहल को बढ़ावा देते हुए सरकार ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी दी है। इच्छुक व्यक्ति रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक पोर्टल aamantran.mod.gov.in पर जाकर अपने टिकट बुक कर सकते हैं। इस वेबसाइट पर इवेंट का चयन, टिकट कैटेगरी और भुगतान की पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी।
ऑफलाइन टिकट काउंटर और समय
जो लोग ऑनलाइन बुकिंग में सहज नहीं हैं, उनके लिए नई दिल्ली में छह प्रमुख स्थानों पर ऑफलाइन काउंटर स्थापित किए गए हैं। इन काउंटरों पर टिकटों की बिक्री दो पालियों में होगी: सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक।
इन स्थानों पर मिलेंगे टिकट:
1. सेना भवन (गेट नंबर 5 के पास)
2. शास्त्री भवन (गेट नंबर 3 के पास)
3. जंतर मंतर (मुख्य गेट)
4. संसद भवन रिसेप्शन
5. राजीव चौक मेट्रो स्टेशन (गेट नंबर 3 और 4 के पास, डी ब्लॉक)
6. कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन (गेट नंबर 8 के पास, कॉनकोर्स लेवल)
पहचान पत्र अनिवार्य
सुरक्षा कारणों से टिकट खरीदते समय और कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के दौरान पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट या केंद्र/राज्य सरकार द्वारा जारी कोई भी आधिकारिक पहचान पत्र मान्य होगा। ध्यान रहे कि टिकट बुक करने के लिए उपयोग किया गया मूल पहचान पत्र ही प्रवेश के समय साथ रखना होगा।
गौरतलब है कि बीटिंग रिट्रीट समारोह गणतंत्र दिवस आयोजनों का औपचारिक समापन होता है। इसमें भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना के बैंड पारंपरिक धुनों पर मार्च करते हैं।






