Hindi News

दिल्ली: साकेत बिल्डिंग हादसे पर सरकार की बड़ी कार्रवाई, 2 अफसरों को किया सस्पेंड, CM रेखा गुप्ता ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

Written by:Gaurav Sharma
Published:
दक्षिणी दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास बिल्डिंग गिरने से हुई दुर्घटना के बाद सरकार एक्शन में आ गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मौके का दौरा कर दो अफसरों को निलंबित किया और जांच के आदेश दिए।
दिल्ली: साकेत बिल्डिंग हादसे पर सरकार की बड़ी कार्रवाई, 2 अफसरों को किया सस्पेंड, CM रेखा गुप्ता ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

दक्षिणी दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के समीप एक इमारत गिरने के बाद सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है। इस हादसे में लापरवाही बरतने के आरोप में दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है, जिसके बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और मौके पर उपस्थित अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि बचाव अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि संभावित रूप से फंसे हर व्यक्ति की तलाश पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ की जाए।

रेखा गुप्ता ने विभिन्न अस्पतालों में भर्ती घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को निशुल्क और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, जिला प्रशासन, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), सिविल डिफेंस और अन्य एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद, उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने इस घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस कठिन समय में दिल्ली सरकार पूरी तरह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। पीड़ितों को हरसंभव आर्थिक तथा प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मेहरौली थाने में आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही, हादसे के वास्तविक कारणों और जवाबदेही तय करने के लिए दक्षिण जिला के जिलाधिकारी के नेतृत्व में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक बार फिर दोहराया कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भवन ढहने के कारणों की होगी विस्तृत जांच

उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि भवन ध्वस्त होने के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाए। अगर निर्माण संबंधी अनियमितता, सुरक्षा मानकों की अनदेखी या किसी प्रकार की प्रशासनिक लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सैदुलाजाब और आसपास के इलाकों में जर्जर, खतरनाक और अवैध भवनों का तत्काल सर्वे और निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन इमारतों से लोगों की सुरक्षा को खतरा है, उनके खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माणों को संरक्षण देने या अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma
Follow Us :GoogleNews