Hindi News

त्रिपुरा विधानसभा अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन का निधन, प्रधानमंत्री मोदी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने जताया दुख

Written by:Shyam Dwivedi
Last Updated:
आज 26 दिसंबर को त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन का 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। 8 अगस्त को त्रिपुरा में उन्हें गंभीर ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें बेंगलुरु के ​एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
त्रिपुरा विधानसभा अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन का निधन, प्रधानमंत्री मोदी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने जताया दुख

त्रिपुरा की राजनीति से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। आज 26 दिसंबर को विधानसभा के अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन का 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। 8 अगस्त को त्रिपुरा में उन्हें गंभीर ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें बेंगलुरु के ​एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

बता दें कि बिस्वा बंधु सेन उत्तरी त्रिपुरा के धर्मनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। उनके निधन से राज्य की राजनीति में शोक की लहर फैल गई है। उनके पार्थिव शरीर को शनिवार को त्रिपुरा लाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. माणिक शाहा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई दिग्गज हस्तियों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।

कौन थे बिस्वा बंधु सेन?

बिस्वा बंधु सेन त्रिपुरा के एक दिग्गज नेता थे। उनका जन्म 23 मई 1953 को हुआ था। उन्होंने अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम कॉलेज से 1975 में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने अपनी राजनीति 1988 में धरमनगर नगर पंचायत के उपाध्यक्ष के रूप में की थी। वह काफी लंबे समय तक कांग्रेस में रहे थे। उन्होंने 2008 और 2013 में धरमनगर से विधानसभा से जीत हासिल की थी। इसके बाद 2017 में भाजपा में आ गए। इसके बाद 2018 में भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की। वे 2023 तक त्रिपुरा विधानसभा के उप-स्पीकर रहे थे। वे 2023 में चौथी बार धरमनगर से विधायक बने और विधानसभा अध्यक्ष बने थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक

पीएम मोदी ने बिस्वा बंधु सेन के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा की प्रगति को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों और कई सामाजिक कामों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए उन्हें याद किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, त्रिपुरा विधानसभा के स्पीकर बिस्वा बंधु सेन के निधन से बहुत दुख हुआ। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और चाहने वालों के साथ हैं।

बिस्वा बंधु सेन का निधन बहुत दुखद- अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि त्रिपुरा विधानसभा के स्पीकर बिस्वा बंधु सेन का निधन बहुत दुखद है। एक समर्पित नेता जिन्होंने अपनी जिंदगी के कई साल जनता की सेवा में लगाए, सेन जी का जाना राज्य के राजनीतिक क्षेत्र के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है। मेरी संवेदनाएं उनके दुखी परिवार, दोस्तों और चाहने वालों के साथ हैं।

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया दुख

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक शाह ने कहा कि, त्रिपुरा लेजिस्लेटिव असेंबली के माननीय स्पीकर, बिस्वा बंधु सेन के निधन से मुझे बहुत दुख हुआ है। उनका अचानक निधन राज्य के लोगों के लिए एक ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। मैं उनके दुखी परिवार और अनुयायियों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। मैं भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि उनका परिवार इस मुश्किल समय से उबर सके।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जताया दुख

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि त्रिपुरा विधानसभा के माननीय स्पीकर बिस्वा बंधु सेन के असमय निधन से बहुत दुख हुआ। उन्हें लोगों के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताया शोक

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख व्य​क्त करते हुए एक्स पर लिखा कि भाजपा के वरिष्ठ राजनेता, त्रिपुरा विधानसभा के माननीय अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने त्रिपुरा के विकास और जनसेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य किया। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करें।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews