दिल्ली के प्रदूषण पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिल्ली की हवा को ‘गैस चेंबर’ बताने वाले बयान पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। आप सांसद संजय सिंह ने सीएम योगी पर पलटवार करते हुए पूछा है कि क्या वह जानबूझकर प्रधानमंत्री मोदी और अपनी ही पार्टी को ‘एक्सपोज’ कर रहे हैं।
सीएम योगी ने दिल्ली को क्यों कहा ‘गैस चेंबर’?
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने गृह क्षेत्र गोरखपुर में थे। यहां उन्होंने 2.47 करोड़ रुपये की लागत से बने कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया। इसी कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दिल्ली के प्रदूषण का जिक्र किया।
सीएम योगी ने कहा, “दिल्ली की हवा इतनी प्रदूषित हो चुकी कि जैसे गैस का चेंबर हो। वहां आज सांस लेना भी कठिन हो गया है और आंखों में जलन होती है।”
“आप दिल्ली की हवा में सांस नहीं ले पाएंगे और आंखों में जलन होगी। वहां के डॉक्टर का कहना है कि जिन्हें अस्थमा और दूसरी बीमारियां हैं, बुजुर्ग और बच्चे हैं, उन्हें घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। क्या यही जिंदगी है? …लेकिन हम खुशकिस्मत हैं कि यहां गोरखपुर में विकास तो है, लेकिन दम घुटने वाला माहौल नहीं है।”- योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश
उन्होंने यह भी कहा कि जब भी पर्यावरण के साथ कोई छेड़छाड़ होगी, तो ऐसी ही स्थिति पैदा होगी, लेकिन गोरखपुर में वातावरण शुद्ध है।
संजय सिंह का सोशल मीडिया पर पलटवार
सीएम योगी के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आप नेता संजय सिंह ने मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सीएम योगी का वीडियो साझा करते हुए एक पोस्ट लिखा।
संजय सिंह ने तंज कसते हुए कहा, “दिल्ली में घुटन भरी जिंदगी हो गई है, AQI 400 से ऊपर है। दिल्ली में दम घुटता है, आंखों में जलन होती है… वहीं, गोरखपुर में कितना शानदार माहौल है।” उन्होंने आगे सवाल उठाया, “लग रहा आदित्यनाथ जी भूल गए कि दिल्ली में बीजेपी की ही सरकार है या इन्होंने जानबूझकर मोदी और रेखा गुप्ता को एक्सपोज करने के लिए ये बयान दिया है।”
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
दिल्ली में घुटन भरी जिंदगी हो गई है, ऐसा लगता है जैसे गैस चेंबर में हों, AQI 400 से ऊपर है।
दिल्ली में दम घुटता है, आंखों में जलन होती है, सांस लेने में दिक्कत होती है, डॉक्टर को कहना पड़ता है कि घर से बाहर मत निकलिए।
वहीं, गोरखपुर में कितना शानदार माहौल है, कहीं कोई दम घोंटू… pic.twitter.com/LGGEey6t7B
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) February 14, 2026





