Hindi News

पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: TMC सांसद मिताली बाग की कार पर हमला, भाजपा पर लगे गंभीर आरोप, सांसद-ड्राइवर को आई चोटें

Written by:Shyam Dwivedi
Last Updated:
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन गोगहाट में तृणमूल कांग्रेस की सांसद मिताली बाग की कार पर हमला हुआ है। इस घटना के बाद टीएमसी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं हमले में सांसद और उनके ड्राइवर को गंभीर चोटें आई हैं।
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: TMC सांसद मिताली बाग की कार पर हमला, भाजपा पर लगे गंभीर आरोप, सांसद-ड्राइवर को आई चोटें

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के लिए चुनावी सरगर्मियां तेज हैं। राज्य में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को 142 सीटों पर होना है ​जिसके लिए पार्टियां पूरी ताकत के साथ तैयारियों में जुटी हुईं हैं। दूसरे चरण के मतदान से पहले प्रचार के आखिरी दिन अरामबाग में हुई एक घटना ने राज्य के राजनीतिक तापमान को चरम पर पहुंचा दिया है। सोमवार को तृणमूल कांग्रेस की सांसद मिताली बाग की कार पर हमला हुआ है। टीएमसी ने इस हमले का पूरा ठीकरा भाजपा पर फोड़ा है। टीएमसी का आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने गोगहाट में उनकी गाड़ी पर ईंट-पत्थर और लाठियों से हमला किया। इस घटना में सांसद और उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं।

क्या है पूरा मामला?

टीएमसी सांसद मिताली बाग की कार पर यह हमला उस समय हुआ जब वह गोगहाट से आरामबाग में अभिषेक बनर्जी के रोड शो में शामिल होने जा रही थीं। इसी बीच, उनकी गाड़ी पर ईंट-पत्थर और लाठियों से हमला किया गया। हमले में उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए। इस घटना की जानकारी तृणमूल कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर उनका एक वीडियो जारी कर दी है।

TMC ने भाजपा पर लगाया आरोप

बता दें​ कि इस घटना के बाद टीएमसी ने भाजपा पर हमले का आरोप लगाया है। एक्स पर पोस्ट करते हुए टीएमसी का कहना है कि एक तरफ तो अमित शाह हमारे नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओें को धमकी दी है कि जो कोई भी घर से बाहर निकलेगा, उसे उल्टा लटका दिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर हमारी पार्टी की सांसद मिताली बाग, जो अनुसूचित जाति समुदाय की चुनी हुई महिला प्रतिनिधि हैं, उन पर भाजपा के गुंडों और बदमाशों ने बेरहमी से और कायरतापूर्ण हमला किया। उनकी कार में तोड़फोड़ की गई। उनकी विंडशील्ड तोड़ दी गई। कांच के टुकड़े उनके शरीर में घुस गए। वह दर्द से तड़प रही थीं।

टीएमसी ने कहा कि यह हमला एक चुने हुए सांसद की जान लेने की कोशिश है। अमित शाह ने मंच से आदेश दिया। उनके गुंडों ने इसे सड़क पर लागू किया। चेन ऑफ कमांड सीधी है। जिम्मेदारी उनकी है। जब हार सामने हो तो भाजपा इस हद तक जाने को तैयार है। हिंसा, खून, एक महिला पर हमला एक अनुसूचित जाति के प्रतिनिधि पर हमला यह शर्म की बात है।

भाजपा ने टीएमसी के बयान पर दी प्रतिक्रिया

एक ओर जहां टीएमसी ने इस घटना का जिम्मेदार भाजपा को ठहराया है तो वहीं दूसरी ओर भाजपा की तरफ से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। भाजपा इन टीएमसी के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पार्टी प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि मिताली बाग नाटक कर रही हैं और असल में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने ही बीजेपी समर्थकों पर हमला किया। बीजेपी नेता बिमान घोष का दावा है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने लाठी, ईंट और हथियारों से हमला कर उनके करीब 50 कार्यकर्ताओं को घायल कर दिया, जिनमें से कई को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews