नीमच: केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने नशे के अवैध करोबार पर शिकंजा कसते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। CBN ने राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के लालपुरा पीपलखेड़ी गांव में एक मकान पर छापा मारते हुये अवैध अफीम एवं लाखों रुपये की नकदी जब्त कर एक आरोपी को दबोचा है। CBN की मामले में आगे की जांच जारी है।
बता दें कि केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने पीपलखेड़ी गांव स्थित एक मकान पर छापामार कार्रवाई की। तलाशी के दौरान टीम ने 9.617 किलोग्राम अवैध अफीम और 18 लाख 42 हजार रुपये नकद बरामद किए।
ये भी पढ़ें
गुप्त सूचना के आधार पर CBN ने की कार्रवाई
CBN के अनुसार, अधिकारियों को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि लालपुरा पीपलखेड़ी निवासी एक व्यक्ति अपने मकान में अवैध अफीम छिपाकर रखे हुए है। सूचना के आधार पर अधिकारियों की टीम एक्टिव हो गई और CBN कोटा एवं जिला अफीम अधिकारी प्रतापगढ़ डिवीजन-II की संयुक्त टीम गठित की गई। जिसके बाद अधिकारियों ने उसी मकान पर दबिश दी।
मकान की तलाशी लेने पर मिला अवैध अफीम और लाखों की नकदी
अधिकारियों ने जब मकान की तलाशी ली तो वहां से 9.617 किलोग्राम अवैध अफीम और 18 लाख 42 हजार रुपये बरामद हुये। इसके बाद CBN अधिकारियों ने एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो अधिकारियों ने कहा कि ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और ड्रग नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग का लक्ष्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना और ड्रग नेटवर्क को समाप्त करना है।