नीमच अंचल में अच्छी बारिश की मंगल कामना को लेकर नगर में आस्था के अनूठे रंग देखने को मिल रहे हैं। जावद में रामधुन, भजन-कीर्तन, प्रभात फेरी और घास भेरुजी की पूजा के साथ ही अब देवाधिदेव महादेव को जलमग्न भी किया गया है।
जावद बस स्टैंड स्थित अतिप्राचीन श्री बटकेश्वर महादेव मंदिर में पंडित अशोक भारद्वाज के मंत्रोच्चार के बीच भोलेनाथ का अभिषेक हुआ। इसके बाद सनातनी भक्तों ने गर्भगृह में ईंट-पत्थर की अस्थायी दीवार बनाकर शिवलिंग को पूरी तरह जलमग्न कर दिया।
महादेव के जलमग्न होते ही झमाझम बारिश
स्थानीय लोगों के बीच ये वाकया किसी चमत्कार से कम नहीं रहा क्योंकि महादेव को जलमग्न करने के मात्र आधे घंटे बाद ही क्षेत्र में मूसलाधार बारिश देखने को मिली। सूखे से निजात पाने के लिए यह पुरानी परंपरा है। भक्तों का अटूट विश्वास है कि इस अनुष्ठान से भगवान प्रसन्न होते हैं। जब क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा हो जाएगी, तब ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ भोलेनाथ को जल से बाहर निकाला जाएगा।
निकाली गई रामधुन
इधर, इंद्रदेव को मनाने के लिए नगर में निकाली जा रही रामधुन का उत्साह भी चरम पर है। अच्छी वर्षा की कामना को लेकर निकाली गई 5 दिवसीय रामधुन के समापन पर हनुमान चालीसा व महाआरती के पश्चात भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
कमलेश सारड़ा की रिपोर्ट।






