मध्य प्रदेश के नीमच में निर्माणाधीन फोरलेन दोपहिया वाहन चालकों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है। डूंगलावादा से भाटखेड़ा के बीच का यह नया मार्ग इन दिनों खतरनाक फिसल पट्टी में तब्दील हो चुका है। इस वजह से वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं।
इस सड़क पर फैली गीली मिट्टी के कारण हालात इतने भयावह हो गए हैं कि महज आधे घंटे के भीतर 14 बाइक सवार ताश के पत्तों की तरह सड़क पर फिसलकर गिर पड़े। अगर स्थिति ऐसी ही बनी रही तो ओर भी लोग हादसे का शिकार हो सकते हैं।
फिसल रहे लोगों के वाहन
मौके से जो वीडियो सामने आए हैं उनमें देखा जा सकता है कि कैसे एक के बाद एक टू-व्हीलर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रही है। लगातार हो रहे इन हादसों के बाद स्थानीय लोगों और चश्मदीदों ने सख्त चेतावनी दी है कि भूलकर भी इस रास्ते का इस्तेमाल न करें।
निर्माणाधीन है रोड
वर्तमान में यह रोड निर्माणाधीन है और यहां काम चल रहा है। लेकिन टू-व्हीलर चालकों के लिए ये रोड एक ‘डेंजर ज़ोन’ बन गया है। आमजन से विशेष अपील की गई है कि वे अपनी सुरक्षा के मद्देनजर इस हिस्से से बचें और यात्रा के लिए किसी अन्य सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग का ही चयन करें। यहां हादसे के शिकार हुए लोगों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के बीच, फिलहाल अपनी सतर्कता ही दुर्घटना से बचाव का एकमात्र रास्ता है।






