अफवाह से मचा हड़कंप: नीमच में पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, कलेक्टर और SDM ने खुद संभाला मोर्चा, कहा- “कोई कमी नहीं”

जिला प्रशासन ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे पैनिक बाइंग (घबराहट में खरीदारी) न करें। जिले में ईंधन संकट जैसी कोई स्थिति नहीं है, इसलिए अपनी सामान्य आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन भरवाएं।
Crowd at petrol pump Neemuch

Crowd at petrol pump Neemuch

ईरान-इजराइल-अमेरिका युद्ध के बीच मंगलवार शाम नीमच जिले में पेट्रोल-डीजल संकट की अफवाह ने अचानक हड़कंप मचा दिया। अफवाह फैलते ही नीमच शहर, मनासा और जिले के अन्य अंचलों में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। हालात बेकाबू होते देख जिला प्रशासन तुरंत एक्शन में आ गया। कलेक्टर और एसडीएम ने खुद मोर्चा संभालते हुए जनता को आश्वस्त किया कि जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

देर शाम अचानक यह अफवाह आग की तरह फैली कि पेट्रोल पंपों पर स्टॉक खत्म होने वाला है। इस डर (पैनिक) के चलते लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की टंकियां फुल कराने के लिए पंपों की ओर दौड़ पड़े। कई लोग तो बोतलें और डिब्बे लेकर भी पहुंच गए। अचानक उमड़ी इस भारी भीड़ के कारण कई पंपों पर स्थिति अनियंत्रित हो गई, कुछ पंप बंद करने पड़े और मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक जाम जैसे हालात बन गए।

फील्ड में उतरे SDM संजीव साहू, किया पंपों का निरीक्षण

स्थिति को देखते हुए नीमच एसडीएम संजीव साहू ने तुरंत फील्ड में उतरकर मोर्चा संभाला। उन्होंने शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद एसडीएम साहू ने स्पष्ट किया कि किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल या डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने मौके पर मौजूद जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

कलेक्टर ने दिया तेल कंपनियों से निरंतर आपूर्ति का भरोसा

नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने भी स्थिति स्पष्ट करते हुए आधिकारिक बयान जारी किया। उन्होंने बताया कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम सहित प्रमुख तेल कंपनियों के अधिकारियों से उनकी विस्तार से चर्चा हुई है।कलेक्टर ने कहा  जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है। तेल कंपनियों द्वारा निरंतर आपूर्ति की जा रही है और भविष्य में भी यह सुचारू रूप से जारी रहेगी। आम जनता पेट्रोल-डीजल की कमी से जुड़ी किसी भी अफवाह पर कतई विश्वास न करे।

जिले के 65 पंपों पर मौजूद है लाखों लीटर ईंधन

अफवाहों पर पूर्ण रूप से विराम लगाने के लिए जिला आपूर्ति अधिकारी आरएन दिवाकर ने जिले के स्टॉक के सटीक आंकड़े जारी किए। उन्होंने बताया कि जिले के सभी 65 पेट्रोल पंपों की स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है

  • पेट्रोल का स्टॉक: 3,78,494 लीटर
  • डीज़ल का स्टॉक: 4,80,812 लीटर

जिला प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे पैनिक बाइंग (घबराहट में खरीदारी) न करें। जिले में ईंधन संकट जैसी कोई स्थिति नहीं है, इसलिए अपनी सामान्य आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन भरवाएं। प्रशासन के इस स्पष्टीकरण और अधिकारियों के सीधे हस्तक्षेप के बाद अब स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews