पन्ना: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां वन मंडल अंतर्गत अजयगढ़ रेंज के ग्राम पेराहा में वन भूमि से अवैध कब्जा हटाने गई वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर कुछ ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों में झड़प शुरू हो गई। इस घटना में दो वनकर्मी समेत कई लोग घायल हो गये। सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्तपाल इलाज के लिये भेजा गया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी अनुसार, जिले के ग्राम पेराहा में वन विभाग की 30 हेक्टेयर भूमि पर पटेल समाज के लोग लंबे समय से खेती करके अनाज उगा रहे थे एवं अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। काफी समय से वन विभाग इस जमीन को कब्जा मुक्त करने का प्रयास कर रही थी। वहीं, रविवार को छतरपुर और पन्ना रेंज के अधिकारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जमीन पर कब्जा हटाने की कार्रवाई की जा रही थी एवं विभाग द्वारा भूमि को मुक्त कराकर पौधा रोपण कराया जा रहा था। जिसका ग्रामीणों द्वारा विरोध किया।

20 से अधिक लोग घायल

बता दें कि विरोध इतना बढ़ा कि मामला हिंसक झड़प में तब्दील हो गया एवं दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। अस्पताल में भर्ती ग्रामीण विनोद पटेल ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने बिना कोई सूचना के सुबह-सुबह जबरन कार्रवाई की। साथ ही.. विरोध करने पर महिलाओं और ग्रामीणों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। इस घटना में 20 से अधिक लोग घायल हुये हैं।

वहीं, वन विभाग का कहना है कि ग्रामीणों के अचानक किए गए हमले में देवेंद्रनगर के वनरक्षक बसंत लाला वर्मा और पवई रेंज की वनपाल भारती कुमारी घायल हो गईं। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। वहीं, जो भी ग्रामीण घायल हुये हैं उनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।