Hindi News

जोधपुर: मासूम बच्चे की मौत मामले में अशोक गहलोत ने सरकार को घेरा, लगाया ये बड़ा आरोप

Written by:Deepak Kumar
Published:
जोधपुर: मासूम बच्चे की मौत मामले में अशोक गहलोत ने सरकार को घेरा, लगाया ये बड़ा आरोप

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जोधपुर दौरे पर पहुंचे और आते ही प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला. हाल ही में हुए सड़क हादसे को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए. गहलोत ने कहा कि यह घटना सरकार की संवेदनहीनता और प्रशासन की लापरवाही को दर्शाती है.


‘रोका जा सकता था हादसा’

गहलोत ने सवाल किया कि जब वीवीआईपी मूवमेंट चल रहा था, तो चार बच्चे कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंच गए? उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट तौर पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की नाकामी है. अगर मौके पर पर्याप्त अधिकारी तैनात रहते तो यह हादसा टल सकता था.
पूर्व सीएम ने याद दिलाया कि उनकी सरकार ने सड़क सुरक्षा को लेकर कई कदम उठाए थे, जैसे हेलमेट और सीट बेल्ट अनिवार्य करना, जिससे हादसों में कमी आई थी. लेकिन मौजूदा सरकार की ढिलाई से हालात बिगड़ गए हैं.


‘सरकार की असंवेदनशीलता का बड़ा प्रमाण’

पूर्व मुख्यमंत्री ने भजनलाल शर्मा को सलाह दी कि वे संवेदनशीलता दिखाते हुए मृतकों के परिजनों से मिलें और प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करें.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से मार्ग बदलकर निकल गए, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. गहलोत बोले कि पहली बार जोधपुर जैसे संस्कारी और शांतिप्रिय शहर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के खिलाफ नारे लगे. यह जनता के आक्रोश और सरकार की उदासीनता का साफ प्रमाण है.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अव्यवस्था और पानी की कमी के कारण लगभग 10 बच्चे घायल हुए, लेकिन उनकी कुशलक्षेम पूछने न तो मुख्यमंत्री और न ही कोई अधिकारी अस्पताल पहुंचे.


वन नेशन-वन इलेक्शन और चुनाव आयोग पर निशाना

गहलोत ने केंद्र सरकार की वन नेशन-वन इलेक्शन नीति पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सरकार हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक जा चुकी है, लेकिन यदि हाईकोर्ट ने आदेश दिया है तो तुरंत चुनाव की घोषणा करनी चाहिए.
इलेक्शन कमीशन पर हमला करते हुए गहलोत बोले कि उसका व्यवहार पारदर्शी नहीं है और यही वजह है कि गांव-गांव में वोट चोरी की चर्चा हो रही है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार पारदर्शिता और तकनीक के इस्तेमाल पर जोर देते रहे हैं, लेकिन आयोग की कार्यशैली से जनता में नाराजगी गहराती जा रही है.


कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा

गहलोत के दौरे के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. इनमें पूर्व राज्यमंत्री राजेंद्र सोलंकी, जसवंत सिंह कच्छवाह, पूर्व मंत्री संगीता बेनीवाल, पूर्व विधायक मनीषा परिवार, नगर निगम उत्तर महापौर कुंती देवड़ा, जोधपुर दक्षिण अध्यक्ष नरेश जोशी, शहर उत्तर अध्यक्ष सलीम खान, सूरसागर प्रत्याशी साजिद खान, अजीत सिंह राठौड़, हीराराम मेघवाल, नेता प्रतिपक्ष गणपत सिंह चौहान, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा, अधिवक्ता करण सिंह राजपुरोहित, एनएसयूआई अध्यक्ष बबलू सोलंकी और पुखराज देवरिया समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे.