Hindi News

बसंत पंचमी पर 23 जनवरी को मेगा पीटीएम, 65 लाख अभिभावकों की भागीदारी का लक्ष्य, सीएम भजनलाल शर्मा करेंगे विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों से संवाद

Written by:Atul Saxena
Published:
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लाभान्वित विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और प्रदेशभर के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को संबोधित भी करेंगे।
बसंत पंचमी पर 23 जनवरी को मेगा पीटीएम, 65 लाख अभिभावकों की भागीदारी का लक्ष्य, सीएम भजनलाल शर्मा करेंगे विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों से संवाद

बसंत पंचमी पर 23 जनवरी पर राजस्थान में प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों में एक साथ मेगा पीटीएम का आयोजन किया जाएगा। वहीं सभी पीईईओ, यूसीईईओ स्तर के विद्यालयों में निपुण मेले का आयोजन होगा। जिसमें अभिभावक अपने बच्चों के शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास से संबंधित जानकारी शिक्षकों से साझा मंच पर प्राप्त करेंगे।

मेगा पीटीएम के आयोजन में 65 लाख अभिभावकों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो 31 अक्टूबर को आयोजित पिछले मेगा पीटीएम में निर्धारित 41 लाख के लक्ष्य से कहीं अधिक है। शिक्षा के विकास में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी को सशक्त करने की दिशा में यह प्रयास राजस्थान को न केवल राष्ट्रीय बल्कि वैश्विक स्तर पर भी विशिष्ट पहचान दिलाएगा।

जयपुर में होगा राज्यस्तरीय आयोजन

राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन कॉमर्स कॉलेज जयपुर में किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में लगभग 5 हजार विद्यार्थी, 1 हजार अभिभावक, 500 शिक्षक, कॉलेज शिक्षा विभाग से 5 हजार प्रतिभागी तथा कौशल शिक्षा से जुड़े 1 हजार प्रतिभागियों की उपस्थिति संभावित है। यह आयोजन विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक की त्रिस्तरीय सहभागिता को एक मंच पर सशक्त रूप से प्रस्तुत करेगा।

मुख्यमंत्री विद्यार्थियों को देंगे सौगातें

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिक्षा से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत निःशुल्क साइकिल वितरण, लगभग 4 लाख बालिकाओं को डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरण तथा 6 लाख विद्यार्थियों को ट्रांसपोर्टेशन वाउचर की राशि प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री लाभान्वित विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और प्रदेशभर के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को संबोधित भी करेंगे। प्रदेश के सभी जिलों के डीओआईटी केंद्रों के माध्यम से राज्य के सभी राजकीय विद्यालय, जिला एवं ब्लॉक स्तर पर मुख्यमंत्री से वर्चुअली जुड़ेंगे।

विद्यालयों में सरस्वती वंदना, कृष्ण भोग का आयोजन

मेगा पीटीएम के दिन बसंत पंचमी होने से राज्य के सभी राजकीय विद्यालयों में सरस्वती वंदना की जाएगी और कृष्ण भोग का आयोजन किया जाएगा। यह पहल विद्यार्थियों को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के साथ-साथ विद्यालयों में सामूहिक सहभागिता एवं सकारात्मक वातावरण को भी सुदृढ़ करेगी।

निपुण मेला और निपुण राजस्थान कार्यक्रम 

प्रदेश के सभी पीईईओ एवं यूसीईईओ विद्यालयों में निपुण मेले का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही कक्षा 1 से 5 के लिए निपुण राजस्थान कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें निपुण भारत मिशन के अंतर्गत बच्चों की पठन, लेखन एवं गणना क्षमता को गतिविधियों और प्रदर्शनों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। अभिभावक अपने बच्चों की सीखने की प्रगति को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews