Hindi News

PM Modi 28 को अजमेर दौरे पर,16 हजार 686 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण करेंगे, युवाओं को देंगे नियुक्ति पत्र

Written by:Atul Saxena
Published:
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 फरवरी को अजमेर के दौरे पर रहेंगे इस दौरान वे 9 से 14 साल तक की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। PM Modi, PM Modi Ajmer visit, PM Modi Rajasthan visit, Jaipur News, Ajmer News, Rajasthan News
PM Modi 28 को अजमेर दौरे पर,16 हजार 686 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण करेंगे, युवाओं को देंगे नियुक्ति पत्र

PM Modi

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार 28 फरवरी को राजस्थान के अजमेर आएंगे। वे 9 से 14 साल तक की बालिकाओं को एचपीवी टीके की खुराक देकर एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की 16 हजार 686 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा पीएम राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों और संगठनों में चयनित 21 हजार 863 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी देंगे।

एचपीवी टीकाकरण अभियान की पहल सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और किशोरियों के स्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य किशोरियों का प्रारंभिक अवस्था में ही टीकाकरण कर उन्हें सर्वाइकल कैंसर से बचाना है। यह कार्यक्रम बीमारी होने से पहले ही उसकी रोकथाम को बढ़ावा देने, महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच को बढ़ाने पर केंद्रित है।

16 हजार 686 करोड़ रुपये की 43 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क, रेलवे, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 16 हजार 686 करोड़ रुपये की लागत की 43 प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में लगभग 8 हजार 554 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से संबंधित हैं। इन विभागों में शहरी विकास, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी, सार्वजनिक निर्माण, ऊर्जा, जल संसाधन एवं उद्योग आदि शामिल हैं।

इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा से जुड़ीं करीब 8 हजार 132 करोड़ रुपये की 9 प्रमुख परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं में 2 का शिलान्यास और 7 का लोकार्पण होगा। प्रधानमंत्री 4 हजार 516 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में लगभग 1 हजार 207 करोड़ रुपये की लागत से बांदीकुई से जयपुर तक 4 लेन का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज 14 सेक्शन में एनएच 76 जंक्शन से एनएच 12 पर उम्मेदपुरा गांव तक 8 लेन कैरिजवे और प्रदेशभर में राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और चौड़ाईकरण के कार्य शामिल हैं।

इसी तरह जयपुर में 286 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पम्प होते हुए मालपुरा गेट तक एलीवेटेड रोड, जोधपुर शहर में महामंदिर से अखल्या चौराहे तक 1 हजार 243 करोड़ रुपये की लागत से 4 लेन एलीवेटेड रोड एवं बारां जिले में 322 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के मालबमोरी-मांगरोल-बारां राज्य राजमार्ग का शिलान्यास भी करेंगे। स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल के अपने संकल्प की दिशा में एक ओर कदम बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नोनेरा वृहद् पेयजल परियोजना के 1 हजार 21 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 4 पैकेज और परवन अकावद वृहद् पेयजल परियोजना के 2 हजार 247 करोड़ रुपये की लागत के 5 पैकेजों की आधारशिला रखेंगे।

प्रधानमंत्री राजस्थान में नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन के प्रमुख केंद्रों से बिजली के सुगम पारेषण के लिए 3 हजार 616 करोड़ रुपये की पारेषण प्रणाली का लोकार्पण करेंगे। साथ ही, 220 केवी के पांच और 400 केवी के दो ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) का शिलान्यास भी करेंगे। प्रधानमंत्री राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए जोधपुर पाली मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र (जेपीएमआईए) में आधारभूत संरचना और पेयजल आपूर्ति से संबंधित विभिन्न कार्यों का शिलान्यास करेंगे।

21 हजार 863 युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

इस अवसर पर प्रधानमंत्री राज्य सरकार के विभिन्न विभागों और संगठनों में चयनित 21 हजार 863 युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे। नियुक्ति पत्र पाने वाले इन युवाओं में 3 हजार 320 से अधिक पटवारी (राजस्व), 2 हजार 291 संविदा कनिष्ठ तकनीकी सहायक और संविदा लेखा सहायक (ग्रामीण विकास), 2 हजार 590 पशुधन सहायक, 3 हजार 822 सीएचओ, 7 हजार 357 पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, मेडिकल लैब तकनीशियन, लैब तकनीशियन, नर्सिंग प्रभारी, नर्सिंग ट्रेनर, नर्स, नर्स ग्रेड-द्वितीय सहित अन्य नियुक्तियां शामिल हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विशेष रूप से शामिल रहेंगे।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews