राजस्थान सरकार राजधानी जयपुर में बढ़ते यातायात के दबाव को व्यवस्थित और सुगम बनाने की प्लानिंग कर रही है, विशेष बात ये है कि ये व्यवस्था जनभागीदारी पर आधारित होगी यानि शहर की जनता से आये सुझावों के आधार पर यातायात का रोडमैप बनाया जायेगा, इसके लिए जयपुर विकास प्राधिकरण ने कॉम्प्रीहेंसिव मोबिलिटी प्लान बनाया है जिसपर सुझाव आमंत्रित किये गए हैं।
जयपुर शहर की वर्तमान एवं भविष्य के यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए कॉम्प्रीहेंसिव मोबिलिटी प्लान (CMP) के ड्राफ्ट पर सुझाव एवं अभिमत प्राप्त करने की समय-सीमा को जयपुर विकास प्राधिकरण ने 7 दिवस के लिए बढ़ा दिया है। अब इच्छुक नागरिक, शहरी योजनाकार, यातायात विशेषज्ञ, शैक्षणिक संस्थान, विभिन्न विभाग एवं गैर-सरकारी संगठन विस्तारित अवधि के अंतर्गत 06 मार्च 2026 को शाम 6:00 बजे तक अपने सुझाव भेज सकेंगे।
कॉम्प्रीहेंसिव मोबिलिटी प्लान का फोकस
यह योजना जयपुर में सुगम, सुरक्षित, समावेशी एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन तंत्र विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस प्लान के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन सुदृढ़ीकरण, मल्टी-मोडल इंटीग्रेशन, ट्रैफिक प्रबंधन, गैर-मोटर चालित परिवहन (NMT) को बढ़ावा, पार्किंग प्रबंधन एवं सड़क सुरक्षा जैसे विषयों पर दीर्घकालिक रणनीति तैयार की जा रही है।
जनभागीदारी से तैयार होगा CMP
जेडीए द्वारा ड्राफ्ट को सार्वजनिक करते हुए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है, ताकि शहर के विकास की दिशा आमजन की अपेक्षाओं एवं विशेषज्ञों के सुझावों के अनुरूप निर्धारित की जा सके।ड्राफ्ट दस्तावेज जेडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर अवलोकन हेतु उपलब्ध है। सुझाव एवं अभिमत निर्धारित अवधि के भीतर ईमेल आईडी riip201019016492@rajasthan.in पर भेजे जा सकते हैं।
06 मार्च शाम 6:00 बजे तक भेज सकते हैं सुझाव
उल्लेखनीय है कि पूर्व में सुझाव प्राप्त करने की अंतिम तिथि 26 फरवरी 2026 (दोपहर 12:00 बजे तक) निर्धारित थी, जिसे अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बढ़ाया गया है। अब इच्छुक नागरिक, शहरी योजनाकार, यातायात विशेषज्ञ, शैक्षणिक संस्थान, विभिन्न विभाग एवं गैर-सरकारी संगठन विस्तारित अवधि के अंतर्गत 06 मार्च 2026 को शाम 6:00 बजे तक अपने सुझाव भेज सकेंगे।






