MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में अतिथि शिक्षक की पिटाई, रतलाम में पेड़ से बांधकर पीटा, दोनों पक्षों पर केस

रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में ग्रामीणों ने अतिथि शिक्षक को पेड़ से बांधकर पीट दिया। पुलिस ने छात्रा के परिजनों की शिकायत पर शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
रतलाम में अतिथि शिक्षक को पेड़ से बांधकर पीटा: नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप, पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज की FIR

रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र में एक अतिथि शिक्षक को ग्रामीणों द्वारा पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में शिक्षक रो-रोकर छोड़ने की गुहार लगाता दिख रहा है, लेकिन ग्रामीणों का दिल नहीं पसीजा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शिक्षक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया।

दरअसल, यह पूरा मामला 3 अक्टूबर का है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिपल्या तुखार गांव के प्राथमिक स्कूल में पदस्थ अतिथि शिक्षक योगेंद्र जाटव ने एक नाबालिग छात्रा को बहाने से बुलाया और झोपड़ी में ले जाकर छेड़छाड़ की। छात्रा के चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने शिक्षक को मौके पर ही धर दबोचा।

शिक्षक ने लगाया बेवजह मारपीट का आरोप

वहीं दूसरी तरफ आरोपी शिक्षक योगेंद्र जाटव ने भी ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस में मारपीट और धमकी देने की शिकायत दी है। उसका कहना है कि लंच के दौरान वह अपनी पहचान की लड़की से मिलने गया था, तभी दो अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया। विरोध करने पर उन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए डंडे और रस्सी से उसकी जमकर पिटाई कर दी।

पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए ताल थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनकर केस दर्ज किया है। छात्रा के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की पहचान में जुटी पुलिस

उधर कानून हाथ में लेने वालों पर भी पुलिस सख्त रुख अपना रही है। ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर शिक्षक के साथ मारपीट करने वाले ग्रामीणों की पहचान की जा रही है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है और मारपीट करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews
नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में अतिथि शिक्षक की पिटाई, रतलाम में पेड़ से बांधकर पीटा, दोनों पक्षों पर केस