
मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में स्थित कालिका माता मंदिर परिसर के झाली तालाब से एक बहुत ही दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। गुरुवार की देर रात तालाब पार करने की शर्त के चक्कर में 22 साल का युवक सोनू बैरागी पानी में कूद गया और डूब गया। दरअसल अगले दिन शुक्रवार को भी दिनभर रेस्क्यू टीम पानी में उसकी तलाश करती रही लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
किनारे पर खड़े देखते रहे दोस्त
जब यह हादसा हो रहा था तब उसके कुछ दोस्त किनारे पर खड़े होकर यह सब देख रहे थे। प्रत्यक्षदर्शी ने उन्हें बचाने के लिए आवाज भी लगाई लेकिन दोस्तों ने उसे बचाने की कोई कोशिश नहीं की और युवक के डूबते ही वहां से चुपचाप भाग निकले।
जेब से मिले आधार कार्ड से हुई पहचान
घटना के बाद पुलिस को तालाब के किनारे पर युवक के कपड़े और चप्पल मिले। कपड़ों की तलाशी लेने पर पर्स से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान हुई। मृतक सोनू रायसेन जिले के ग्राम सालेरा का रहने वाला था।
दरअसल सोनू पिछले कुछ सालों से मेले में झूले पर काम करता था। इस बार वह रतलाम में कालिका माता मंदिर परिसर में लगे नवरात्रि मेले में आया हुआ था। देर रात वह अपने साथियों के साथ घूमते हुए तालाब के पास पहुंचा था जहां यह दर्दनाक हादसा हो गया।
70 फीट से ज्यादा गहरा है तालाब
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची एसडीईआरएफ की टीम ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गोताखोरों की टीम ने लगातार कई घंटों तक पानी में उतरकर तलाश की लेकिन गहराई बहुत ज्यादा होने की वजह से सफलता नहीं मिली।अधिकारियों का कहना है कि जिस जगह युवक डूबा है, वहां तालाब लगभग 70 फीट से भी ज्यादा गहरा है। स्टेशन रोड थाना पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था और उन्होंने समय रहते सोनू को बचाने का प्रयास क्यों नहीं किया।

