Hindi News

रतलाम में भारत गैस एजेंसी मैनेजर के पोल्ट्री फार्म से 64 अवैध HP सिलेंडर जब्त, कालाबाजारी के आरोप में केस दर्ज

Written by:Banshika Sharma
Published:
रतलाम के धराड़ गांव में प्रशासन ने एक पोल्ट्री फार्म पर छापा मारकर 64 खाली कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। यह फार्म भारत गैस एजेंसी के मैनेजर का है, जिसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। दूसरी घटना में, एक हॉकर 2000 रुपए में घरेलू सिलेंडर बेचते हुए पकड़ा गया।
रतलाम में भारत गैस एजेंसी मैनेजर के पोल्ट्री फार्म से 64 अवैध HP सिलेंडर जब्त, कालाबाजारी के आरोप में केस दर्ज

मध्य प्रदेश के रतलाम में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां प्रशासन की टीम ने शुक्रवार देर रात एक पोल्ट्री फार्म पर छापा मारकर अवैध रूप से रखे गए 64 खाली कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए। चौंकाने वाली बात यह है कि यह पोल्ट्री फार्म भारत गैस एजेंसी के मैनेजर राहुल सिंह सिसोदिया का है और बरामद किए गए सभी सिलेंडर एचपी (HPCL) कंपनी के हैं।

प्रशासन को शक है कि इन सिलेंडरों को कालाबाजारी के लिए यहां छिपाकर रखा गया था। जब्त किए गए सिलेंडरों की कीमत करीब 1.60 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने पोल्ट्री फार्म संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

पोल्ट्री फार्म में आधी रात को दबिश

मामला रतलाम के धराड़ गांव का है। रतलाम ग्रामीण तहसीलदार आशीष उपाध्याय और खाद्य आपूर्ति अधिकारी आनंद कुमार गोले के नेतृत्व में एक टीम ने शुक्रवार रात करीब 1 बजे स्टेट बैंक के पास स्थित एक पोल्ट्री फार्म पर आकस्मिक जांच की। जांच के दौरान फार्म के एक कमरे में 19 किलोग्राम वाले 64 खाली कमर्शियल सिलेंडर रखे हुए मिले।

जब टीम ने पोल्ट्री फार्म के संचालक राहुल सिंह पिता राजेंद्र सिंह सिसोदिया से इन सिलेंडरों के बारे में पूछताछ की और दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी वैध कागज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद टीम ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया। सुरक्षा की दृष्टि से इन सिलेंडरों को धराड़ ग्रामीण वितरक (आईओसीएल) की सुपुर्दगी में रखा गया है।

भारत गैस मैनेजर के फार्म में HP के सिलेंडर क्यों?

इस कार्रवाई ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राहुल सिंह सिसोदिया खुद एक भारत गैस एजेंसी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। ऐसे में उसके फार्म पर प्रतिद्वंद्वी कंपनी एचपी के सिलेंडर मिलना कालाबाजारी की ओर इशारा करता है। जानकारी के मुताबिक, ये सिलेंडर भारत गैस एजेंसी की गाड़ी से ही इस पोल्ट्री फार्म पर उतारे गए थे।

बिलपांक थाना पुलिस ने राहुल सिंह सिसोदिया के खिलाफ धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम और अवैध भंडारण से संबंधित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। प्रशासन अब इस मामले में गैस एजेंसी के संचालक से भी पूछताछ कर सकता है ताकि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके।

शहर में 2000 रुपए में बिक रहा था घरेलू सिलेंडर

रतलाम में सिलेंडर की कालाबाजारी का यह अकेला मामला नहीं है। शनिवार दोपहर को ही शहर के राजीव गांधी सिविक सेंटर क्षेत्र में एक और कार्रवाई हुई। यहां अल्फा गैस सर्विस का हॉकर और ड्राइवर घरेलू सिलेंडर 2000 रुपए में ब्लैक में बेचते हुए पकड़े गए। हालांकि, प्रशासनिक टीम को देखते ही ड्राइवर आकाश राव और हॉकर कमल मौके से फरार हो गए।

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ग्राहकों से बात की तो उन्होंने बताया कि उन्होंने 2000 रुपए में सिलेंडर खरीदा है। टीम ने गैस एजेंसी के संचालक अंशुल पीपाड़ा को बुलाकर पंचनामा तैयार किया। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma
Follow Us :GoogleNews