मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के स्टेशन रोड पर स्थित इंडसइंड बैंक में तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। बैंक के बाहर गाड़ी खड़ी करने के विवाद में पड़ोस के एक शोरूम कर्मचारी ने गार्ड का कॉलर पकड़ा और उसे बैंक के अंदर से घसीटते हुए बाहर लाकर बुरी तरह पीट दिया। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुका है।
कॉलर पकड़कर बैंक से बाहर खींचा, सिर और छाती में आई गंभीर चोटें
यह घटना शनिवार दोपहर की है जब जवाहर नगर निवासी पीड़ित गार्ड बैंक के अंदर अपनी ड्यूटी कर रहा था। पास के जोकी शोरूम के कर्मचारी रामनाथ ने उसे बाहर बुलाया और बैंक के सामने खड़ी गाड़ी हटाने को कहा।
ये भी पढ़ें
दरअसल गार्ड ने कहा कि वह ग्राहक से बोलकर गाड़ी हटवा देगा और अंदर चला गया। लेकिन थोड़ी देर बाद रामनाथ बैंक में घुसा गाली-गलौज करते हुए कॉलर पकड़कर गार्ड को बाहर घसीटा और मारपीट शुरू कर दी जिससे गार्ड के सिर और छाती में चोटें आईं।
इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे गार्ड की बाइक भी तोड़ी
मारपीट में घायल होने के बाद पीड़ित गार्ड अपनी बाइक से इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंचा। लेकिन वहां भी विवाद खत्म नहीं हुआ और आरोपी कर्मचारी का परिवार अस्पताल परिसर तक पहुंच गया।
दरअसल आरोप है कि आरोपी रामनाथ की पत्नी ने अस्पताल परिसर में खड़ी गार्ड की बाइक पर पत्थरों से हमला कर दिया। पत्थर मारने की वजह से बाइक की हेडलाइट और पेट्रोल टंकी बुरी तरह टूट गई, जिसका वीडियो भी वायरल हो गया है।
पुलिस ने पति-पत्नी पर दर्ज किया केस
घटना के बाद पीड़ित सिक्योरिटी गार्ड ने स्टेशन रोड थाने पहुंचकर पुलिस से पूरे मामले की शिकायत की। पुलिस ने पीड़ित की बात सुनने के बाद तुरंत कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस ने जोकी शोरूम के कर्मचारी रामनाथ और उसकी पत्नी दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज और अस्पताल के वीडियो के आधार पर आगे की कानूनी जांच कर रही है।
