Hindi News

कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, 19 मई अंतिम तारीख, पढ़ें पूरी जानकारी

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
कैलाश मानसरोवर की यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिसकी अंतिम तारीख 19 मई 2026 तय की गई है। यह पवित्र यात्रा जून से अगस्त 2026 के बीच कराई जाएगी। इस साल कुल 20 जत्थे कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए भेजे जाएंगे। चलिए जानते हैं यात्रा से संबंधित पूरी जानकारी..
कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, 19 मई अंतिम तारीख, पढ़ें पूरी जानकारी

कैलाश मानसरोवार यात्रा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। भारत सरकार और चीन की सरकार के आपसी सहयोग से इस यात्रा का ऐलान हो चुका है। विदेश मंत्रालय के अनुसार यह पवित्र यात्रा जून से अगस्त 2026 के बीच कराई जाएगी। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी हो शुरू हो गई है। इस साल इस यात्रा के लिए दो मार्गों का उपयोग किया जा सकेगा। पहला मार्ग उत्तराखंड में ‘लिपुलेख दर्रा’ और दूसरा मार्ग सिक्किम में ‘नाथू ला’ के जरिए कैलाश मानसरोवर तक जाएगा।

बता दें कि मानसरोवर यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसकी अंतिम तारीख 19 मई 2026 है। यात्रियों का चयन पूरी तरह से कंप्यूटरीकृत प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। इसमें निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कंप्यूटर जनित रैंडम और जेंडर-बैलेंस्ड चयन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। आवेदक दोनों रूटों के लिए अपनी प्राथमिकता चुन सकते हैं या किसी एक विशिष्ट रूट का चयन भी कर सकते हैं। इसके साथ ही यात्रियों को सलाह दी गई है कि रजिस्ट्रेशन में अपनी पूरी जानकारी सही तरीके से भरें और दस्तावेज भी सही तरीके से अपलोड करें।

इस पोर्टल पर करें रजिस्ट्रेशन

यात्रा करने वाले इच्छुक श्रद्धालु आधिकारिक पोर्टल kmy.gov.in पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, आवेदकों को जानकारी प्राप्त करने के लिए पत्र या फैक्स भेजने की आवश्यकता नहीं है। किसी भी सुझाव या जानकारी के लिए वेबसाइट पर दिए गए फीडबैक विकल्प का उपयोग किया जा सकता है।

मानसरोवर यात्रा पर जाएंगे 20 जत्थे

विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष कुल 20 जत्थे (बैच) कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए भेजे जाएंगे, जिनमें कुल 1000 भारतीय तीर्थयात्री शामिल होंगे। दोनों मार्गों से समान संख्या में तीर्थयात्रियों को यात्रा का अवसर प्रदान किया जाएगा। साथ ही यात्रा दो मार्गों के माध्यम से संचालित की जाएगी।

  • लिपुलेख दर्रा मार्ग (उत्तराखंड) से 10 जत्थे भेजे जाएंगे, जिनमें प्रत्येक जत्थे में 50 यात्री होंगे।
  • नाथू ला दर्रा मार्ग (सिक्किम) से भी 10 जत्थे भेजे जाएंगे, और प्रत्येक जत्थे में 50 यात्री शामिल होंगे।

पात्रता और मेडिकल जांच

भारत सरकार के अनुसार, आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए। पासपोर्ट की वैधता कम से कम 1 सितंबर 2026 तक होनी चाहिए। आयु सीमा 18 से 70 वर्ष (1 जनवरी 2026 के अनुसार) तक निर्धारित की गई है।

इसके अलावा मेडिकल जांच भी अनिवार्य है। रजिस्ट्रेशन के साथ आवेदक को मेडिकल सर्टिफिकेट भी लगाना होगा। जो भी व्यक्ति हृदय रोग, अस्थमा, डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, मिर्गी जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित होगा उसका आवेदन ​रद्द कर दिया जाएगा।

रजिस्ट्रेशन के लिए आवश्यक दस्तावेज

  • यात्री के पासपोर्ट की फोटोकॉपी
  • हस्ताक्षरित बुकिंग (रजिस्ट्रेशन) फॉर्म
  • समझौता पत्र (Agreement) एवं यात्री घोषणा पत्र
  • अग्रिम राशि भुगतान की रसीद/प्रतिलिपि
  • आधार कार्ड की स्व-अभिप्रमाणित फोटोकॉपी (केवल भारतीय नागरिकों के लिए)
  • मतदाता पहचान पत्र की स्व-अभिप्रमाणित फोटोकॉपी (केवल भारतीय नागरिकों के लिए)
  • पैन कार्ड की स्व-अभिप्रमाणित फोटोकॉपी (केवल भारतीय नागरिकों के लिए)
  • 2 रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो (चीन वीजा नियमों के अनुसार)

क्या है कैलाश मानसरोवर यात्रा का महत्व

बता दें कि कैलाश मानसरोवर यात्रा का महत्व केवल हिंदुओं तक सीमित नहीं है, बल्कि बौद्ध, जैन और तिब्बती बोनपा धर्मों के लिए भी यह एक अत्यंत पवित्र और सर्वोच्च आध्यात्मिक तीर्थ है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार, यह स्थान भगवान शिव और देवी पार्वती का निवास माना जाता है। यहां स्थित पवित्र मानसरोवर झील के दर्शन और स्नान को अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है, जिससे मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है और मानसिक शांति मिलती है।

ऐसा विश्वास है कि इस यात्रा से व्यक्ति अपने पापों से मुक्ति प्राप्त कर सकता है। यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं है, बल्कि हिमालय की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता के बीच आत्म-ज्ञान और गहन आध्यात्मिक अनुभव का एक अनूठा संगम भी प्रस्तुत करती है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews