MP Breaking News

जबलपुर बरगी डैम हादसा: सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिए जांच के आदेश, रेस्क्यू टीम के सदस्यों को 15 अगस्त पर सम्मानित करने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे में रेस्क्यू टीम की तत्परता से अब तक 29 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है।
CM Dr Mohan Yadav

फाइल फोटो

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर के बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे को गंभीरता से लेते हुए घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश जारी किए हैं। इसी के साथ उन्होंने घोषणा की कि राहत और बचाव कार्य में शामिल उन सभी रेस्क्यू कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

बता दें कि राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हरसंभव मदद सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

सीएम डॉ. मोहन यादव ने बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश  दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना चक्रवातीय मौसमीय परिस्थितियों के कारण हुई प्रतीत होती है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

रेस्क्यू टीम के सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राहत और बचाव कार्य में शामिल उन सभी रेस्क्यू कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) पर सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 29 लोगों को सुरक्षित बचा लिया।

हादसे के बाद प्रशासन ने मौके पर तत्काल राहत दल भेजे और व्यापक स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया गया। इस अभियान में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें सक्रिय रूप से शामिल रहीं, जिन्होंने क्रूज को काटकर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सीएम ने घोषणा की कि इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी मौके पर पहुंचे

सरकार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उच्चस्तरीय टीम को मौके पर रवाना किया था जिसमें धर्मेंद्र सिंह लोधी, राकेश सिंह और संजय दुबे सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल थे। सभी अधिकारियों को राहत कार्यों की निगरानी और समन्वय के निर्देश दिए गए।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews
जबलपुर बरगी डैम हादसा: सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिए जांच के आदेश, रेस्क्यू टीम के सदस्यों को 15 अगस्त पर सम्मानित करने की घोषणा