Hindi News

संत प्रेमानंद महाराज को लेकर फैली अफवाहों पर विराम, आश्रम ने बताया- पूरी तरह स्वस्थ हैं गुरुदेव

Written by:Bhawna Choubey
Published:
संत प्रेमानंद महाराज की तबीयत को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच आश्रम ने बड़ा बयान जारी किया है। भक्तों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है और कहा गया है कि जल्द ही पदयात्रा फिर शुरू होगी।
संत प्रेमानंद महाराज को लेकर फैली अफवाहों पर विराम, आश्रम ने बताया- पूरी तरह स्वस्थ हैं गुरुदेव

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर संत प्रेमानंद महाराज की तबीयत को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही थीं। किसी ने कहा कि उनकी तबीयत ज्यादा खराब है, तो कहीं यह चर्चा होने लगी कि उनकी पदयात्रा लंबे समय तक बंद रह सकती है। इन खबरों के बाद उनके भक्त काफी परेशान नजर आए।

अब इन सभी चर्चाओं पर आश्रम की तरफ से साफ बयान जारी किया गया है। आश्रम ने कहा है कि संत प्रेमानंद महाराज पूरी तरह स्वस्थ हैं और भक्त किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। साथ ही यह भी बताया गया है कि कुछ दिनों में फिर से पदयात्रा, एकांतिक दर्शन और वार्तालाप शुरू कर दिए जाएंगे।

स्वास्थ्य कारणों से रोकी गई थी पदयात्रा

हाल ही में स्वास्थ्य संबंधी कारणों की वजह से महाराज जी की पदयात्रा को कुछ समय के लिए स्थगित किया गया था। इसके साथ ही एकांतिक दर्शन और वार्तालाप भी रोक दिए गए थे। जैसे ही यह खबर सामने आई, वैसे ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें शुरू हो गईं।

भक्तों के बीच चिंता का माहौल बन गया था। कई लोग लगातार महाराज जी के स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे थे। लेकिन अब आश्रम की ओर से साफ कहा गया है कि स्थिति सामान्य है और जल्द ही सब कुछ पहले की तरह शुरू होगा।

भक्तों को मिली राहत, फिर शुरू होंगे दर्शन

संत प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। सुबह के समय महाराज जी आश्रम से निकलकर सौभरि वन तक पदयात्रा करते थे। इस दौरान हजारों भक्त उन्हें देखने और आशीर्वाद लेने पहुंचते थे।

मंगलवार को भी कई श्रद्धालु आश्रम के बाहर पहुंचे थे। हालांकि, वहां मौजूद परिकरों ने उन्हें बताया कि महाराज जी आज पदयात्रा के लिए नहीं आएंगे। यह सुनकर कई भक्त मायूस होकर लौट गए।

अब जब आश्रम ने उनके स्वस्थ होने की जानकारी दी है, तो भक्तों ने राहत की सांस ली है। सोशल मीडिया पर भी लोग खुशी जाहिर कर रहे हैं और जल्द दोबारा सत्संग शुरू होने की उम्मीद जता रहे हैं।

आध्यात्मिक शांति का बड़ा केंद्र हैं प्रेमानंद महाराज

देशभर से लोग संत प्रेमानंद महाराज के सत्संग सुनने वृंदावन पहुंचते हैं। उनकी बातों को सरल और जीवन से जुड़ा माना जाता है। खास बात यह है कि युवा भी बड़ी संख्या में उनके प्रवचन सुनते हैं।

भक्तों का कहना है कि महाराज जी की पदयात्रा और सत्संग से उन्हें मानसिक शांति मिलती है। कई लोग रोज सुबह सिर्फ उनकी एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते हैं। यही वजह है कि उनकी तबीयत को लेकर खबर सामने आते ही भक्त चिंतित हो गए थे।

सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की अपील

आश्रम ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साफ कहा है कि गलत खबरों पर भरोसा न करें। केवल आश्रम की आधिकारिक जानकारी को ही सही माना जाए। आज के समय में सोशल मीडिया पर छोटी बात भी तेजी से फैल जाती है। ऐसे में कई बार बिना पुष्टि की खबरें लोगों को परेशान कर देती हैं। आश्रम ने भक्तों से शांति बनाए रखने और सकारात्मक सोच रखने की अपील की है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
मुझे लगता है कि कलम में बहुत ताकत होती है और खबरें हमेशा सच सामने लाती हैं। इसी सच्चाई को सीखने और समझने के लिए मैं रोज़ाना पत्रकारिता के नए पहलुओं को सीखती हूँ। View all posts by Bhawna Choubey
Follow Us :GoogleNews