मध्य प्रदेश के रीवा जिले में पिछले कुछ घंटे से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। इस बारिश ने लोगों जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त कर दिया है। नदी नाले उफान पर हैं और निचले क्षेत्रों में पानी भर गया है। जल भराव की समस्या से नागरिक काफी परेशान है।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए पुलिस और राजस्व की टीम नदी नालों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। लोगों से नदी नालों के किनारे पर न जाने की अपील की गई और यह भी कहा गया है कि पुल पुलिया के ऊपर से यदि पानी बह रहा है तो उन्हें पार करने की कोशिश ना करें।
शहर में जलभराव की स्थित
तेज बारिश के बाद नीम चौराहा, निराला नगर हॉस्टल, बोदाबाग, समान बांध मोहल्ला, उपरहटी, तरहटी, लाखोरीबाग, संजय नगर और अनंतपुर सहित कई जगह पर पानी भर गया है। निचले लाखों में बारिश का पानी लोगों के घरों और दुकानों में पहुंच गया है। सड़कों पर पानी इतना ज्यादा है कि वह तालाब की तरह दिखाई दे रही हैं।

लोगों के घर में घुसा पानी
अरुण नगर अनंतपुर के दक्षिणी हिस्से में जल भराव की सबसे ज्यादा समस्या देखने को मिल रही है। यहां नाली नहीं होने की वजह से सड़क पर 2 से 3 फीट पानी भर गया है। यह पानी कई घरों के अंदर पहुंच गया है। रहवासी अपने सामान को सुरक्षित जगह पर पहुंचाते और पानी निकालते हुए दिखाई दिए। लोगों का कहना है कि कई बार आवेदन दिए गए लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं मिला है। वहीं बोदाबाग और लाखोरीबाग इलाके में भी बारिश शुरू होती है सड़क पर जल भराव होने लगता है।

मऊगंज में भी तेज बारिश
मऊगंज जिले में पिछले तीन दिन से लगातार तेज बारिश देखने को मिल रही है। निहाई नदी का जलस्तर बढ़ने से हनुमना विकासखंड के एक दर्जन गांव का मऊगंज से संपर्क टूट गया है। नदी के ऊपर बने पुल से पानी बह रहा है। इस दौरान कुछ लोग अपनी जान जोखिम में डालकर पुल पार करते हुए भी दिखाई दिए। बारिश की वजह से नईगढ़ी से बूढ़ा पहुंच मार्ग पर भी आवागमन बाधित हुआ है। नईगढ़ी चकरहनटोला फतुवा मार्ग प्रभावित होने की वजह से कई गांव से संपर्क कट गया है।
अलर्ट पर प्रशासन
पुलिस और राजस्व का अमला लगातार संवेदनशील इलाकों में गश्त कर रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत दल तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में तुरंत एक्शन लिया जा सके। कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों से सतर्क रहने के अपील की गई है।






