
Rewa News : अक्सर अपने रास्ते पर चलते हुए मोडिफाइड साइलेंसर की आवाज सुनी होगी, जो अक्सर लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए लगाया जाता है। इससे गाड़ियों से बहुत तेज आवाज आती है। यह बिल्कुल तेज पटाखे की तरह होती है। इसके कारण आम जनता को काफी ज्यादा परेशानी होती है। इसके साथ ही वातावरण को भी नुकसान पहुंचता है। वहीं, मध्य प्रदेश के रीवा शहर में भी इन दिनों शोर मचाने वाली गाड़ियां काफी ज्यादा चलाई जा रही है। जिसकी आवाज को सुनते ही लोग कई बार तो डर जाते हैं। जिसपर अब यातायात पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
लोगों ने की कार्रवाई की मांग
दरअसल, शहर के लोगों द्वारा लगातार पिछले कई दिनों से मोडिफाइड साइलेंसर लगवाने वाले और दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की जा रही थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस ने बुलेट में मोडिफाइड साइलेंसर लगवाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके तहत, कल रात एक वाहन चालक का चालान भी काटा गया है। बता दें कि लंबे समय से यह कार्रवाई नहीं की जा रही थी, जिस कारण दिन-प्रतिदिन शोर मचाने वाली गाड़ियां शहर में बढ़ती चली जा रही है।
शोर मचाने वालो पर होगी सख्ती
इसे लेकर यातायात पुलिस के सूबेदार अखिलेश कुशवाहा ने जानकारी देते हुए बताया कि लगातार मोडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग करने वाले वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उन्होंने यह बताया कि इससे पहले ऐसा करने वालों पर बुलडोजर चलवाया जा चुका है। इसके बावजूद वाहन चालक सुधरने का नाम नहीं ले रहे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। पुलिस की नजर में आने वाले ऐसे वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस द्वारा इस कार्रवाई के बाद पूरे शहर में बुलेट में मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर घूमने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

