सागर जिले के खुरई में बांदरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली रजवांस चौकी के पास शनिवार शाम नेशनल हाईवे-44 पर एक भयानक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार में आ रहा टमाटरों से भरा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे खड़ी अर्टिगा कार से जोरदार तरीके से टकरा गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार को चपेट में लेने के बाद ट्रक हाईवे पर ही पलट गया। हादसे में ट्रक में सवार तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें राहगीरों की मदद से 108 एंबुलेंस द्वारा तुरंत मालथौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया।

CRPF जवान को छोड़ने जा रहा था परिवार

अर्टिगा कार में सवार परिजनों ने बताया कि वे सभी मंडला जिले के रहने वाले हैं और अपने परिवार के एक सदस्य को जम्मू-कश्मीर ड्यूटी पर छोड़ने जा रहे थे। कार सवार युवक सीआरपीएफ (CRPF) में आरक्षक के पद पर तैनात है। सफर के दौरान हाईवे किनारे गाड़ी रोककर सभी लोग फ्रेश होने के लिए बाहर निकले थे, तभी पीछे से आए बेकाबू ट्रक ने खड़ी कार में टक्कर मार दी। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त कोई भी कार के अंदर मौजूद नहीं था, जिससे सभी लोग सीधे ट्रक की चपेट में आने से बच गए।

मारपीट के डर से भाग रहा था ड्राइवर

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की शुरुआती जांच में एक चौंकाने वाली बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, बांदरी में किसी बात को लेकर हुई मारपीट की घटना के बाद ट्रक चालक काफी डरा हुआ था और खुद को बचाने के लिए गाड़ी को तेज रफ्तार में भगा रहा था। इसी आपाधापी में एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान चालक का गाड़ी से संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और ट्रक अनियंत्रित होकर कार से टकराते हुए सड़क पर पलट गया।

रजवांस चौकी पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद रजवांस चौकी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति का जायजा लिया और हाईवे से मलबा हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस इस बात की भी प्रमुखता से पड़ताल कर रही है कि बांदरी में हुई मारपीट की वारदात का इस हादसे से क्या सीधा संबंध था, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।