MP Breaking News

सागर में शराब पीने के बाद 9 लोगों की मौत से हड़कंप, चार गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय; कलेक्टर ने लोगों से की ये अपील

सागर में शराब पीने के बाद चार गांवों के 9 लोगों की मौत, प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में शुरू कराई स्क्रीनिंग; पिछले 24 से 48 घंटे में शराब पीने वालों से तबीयत बिगड़ने पर तत्काल जांच कराने की अपील
सागर में शराब पीने के बाद 9 लोगों की मौत से हड़कंप, चार गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय; कलेक्टर ने लोगों से की ये अपील

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में शराब पीने के बाद एक के बाद एक 9 लोगों की मौत ने प्रशासन को अलर्ट कर दिया है। मृतक चार गांवों के बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी में मौतों का संबंध शराब के सेवन से सामने आने के बाद प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें उतारी गई हैं। वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज लाया गया है, जिससे मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

मामला सामने आने के बाद प्रशासन का सबसे ज्यादा फोकस अब उन लोगों तक पहुंचने पर है, जिन्होंने पिछले एक-दो दिनों के दौरान शराब का सेवन किया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने ऐसे लोगों से किसी भी तरह की तबीयत खराब होने या संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर इंतजार नहीं करने और तत्काल स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की है।

घर-घर पहुंचकर लोगों की जांच कर रही टीमें

जानकारी के मुताबिक शनिवार रात शराब पीने के बाद अलग-अलग लोगों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन 9 लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। मृतकों के चार अलग-अलग गांवों से होने की बात सामने आने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें संबंधित क्षेत्रों में पहुंची हैं और लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है।

कलेक्टर प्रतिभा पाल भी स्थिति की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल पहुंचीं। प्रशासन ने सिविल अस्पताल में जांच और इलाज की व्यवस्था की है। खास तौर पर पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान शराब का सेवन करने वाले लोगों से कहा गया है कि तबीयत में किसी तरह का बदलाव महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

शराब कहां से आई, अब इसकी भी जांच

एक साथ 9 मौतों के बाद प्रशासन के सामने बड़ा सवाल शराब के स्रोत का भी है। शुरुआती तौर पर मामला शराब के सेवन से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन शराब जहरीली थी या मौत के पीछे कोई दूसरा कारण रहा, इसकी पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में दूसरे लोगों की सेहत पर नजर रख रहा है। साथ ही घटना से जुड़ी शराब कहां से आई और किन परिस्थितियों में लोगों तक पहुंची, इसकी जांच की जा रही है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews
सागर में शराब पीने के बाद 9 लोगों की मौत से हड़कंप, चार गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय; कलेक्टर ने लोगों से की ये अपील