सीएम मोहन यादव का रविवार को शहडोल दौरा, विकास कार्यों की देंगे सौगात, तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलेगा बोनस

शहडोल में रविवार को सीएम मोहन यादव 6 जिलों के 9.77 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 22.89 करोड़ रुपये का बोनस वितरित करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री 461.73 करोड़ रुपये के 134 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।
CM Mohan Yadav Visit Shahdol

शहडोल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को शहडोल दौरे पर जाने वाले हैं। जिसको लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सीएम जिला मुख्यालय स्थित बाणगंगा मेला मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में छह जिलों (शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, रीवा, सीधी और सतना) के तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2024 के 9 लाख 77 हजार 696 पात्र तेंदूपत्ता संग्राहकों को 22 करोड़ 89 लाख 9 हजार 461 रुपये बोनस राशि का वितरण करेंगे। कार्यक्रम में 15 हजार से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहक शामिल होंगे।

जानकारी अनुसार, मुख्यमंत्री शहडोल जिले के 461.73 करोड़ रुपये के 134 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करेंगे। इनमें 379 करोड़ 45 लाख रुपये के 89 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 82 करोड़ 28 लाख रुपये के 45 विकास कार्यों का लोकार्पण होगा। वन वार्ता कार्यालय और डीएफओ कार्यालय का उद्घाटन भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

सीएम मोहन यादव के दौरे को लेकर बाणगंगा मैदान में तैयारियों का जायजा

सीएम मोहन यादव के दौरे को लेकर जनप्रतिनिधियों और शासकीय अधिकारियों ने बाणगंगा मैदान पहुंचकर राज्यस्तरीय तेंदूपत्ता संग्राहक बोनस वितरण कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर मंच व्यवस्था, प्रदर्शनी, पत्रकारों के बैठने की व्यवस्था, हितग्राहियों को हितलाभ वितरण, आवागमन के मार्ग तथा रंगोली निर्माण सहित विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की।

सीएम मोहन यादव के दौरे को लेकर कलेक्टर ने दी जानकारी

सीएम मोहन यादव के दौरे को लेकर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने बताया कि 25 अक्टूबर को बाणगंगा मैदान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम में छह जिलों के तेंदूपत्ता संग्राहकों को सिंगल क्लिक के माध्यम से बोनस राशि वितरित की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा। डीएफओ कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों का उद्घाटन और विकास कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस कार्यक्रम में 15 से 20 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।

यातायात प्रबंधन के लिए पुलिस बल की तैनाती

कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक, मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। तैयारियों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जिससे आयोजन व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके। यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती तथा कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों पर यातायात सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिये गये हैं। इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा गया है। अधिकारियों ने सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों का निर्धारित समय-सीमा में निर्वहन करने और कार्यक्रम की तैयारियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिये हैं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews