
भोपाल: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शनिवार को राजधानी भोपाल के टीटी नगर क्षेत्र में रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। विद्यार्थी परिषद के नेताओं का आरोप है कि बीजेपी और कांग्रेस द्वारा संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ विरोध कर अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है। इसी के विरोध में विद्यार्थी परिषद ने ‘अराजकता रोको, लोकतंत्र बचाओ’ प्रदर्शन किया।
बता दें कि टीटी नगर के अटल पथ से शुरू हुई रैली न्यू मार्केट पहुंची, जहां सभा में अभाविप नेताओं ने कांग्रेस, राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह और छात्र नेता नेहा बोरा पर जमकर निशाना साधा। प्रदर्शन में कई कॉलेजों के छात्र-छात्राओं और युवाओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर डॉ. सोलंकी ने उठाये सवाल
बता दें कि आंदोलन में शामिल विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सोलंकी ने कहा कि यह आंदोलन देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास व्यक्त करने का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि आज देश में लोकतंत्र की व्यवस्थाओं पर अविश्वास का माहौल बनाया जा रहा है। वहीं, राहुल गांधी की ओर से चुनावों में वोट चोरी के आरोप लगाए जाने पर सवाल उठाते हुए डॉ. सोलंकी ने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस या उसके सहयोगी दल चुनाव जीतते हैं, वहां इस तरह के आरोप क्यों नहीं लगाए जाते?
डॉ. सोलंकी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग विदेशी फंडिंग लेकर काम कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने वीडियो बनाने के लिए विदेशी संस्थानों से 10-10 लाख रुपये लिये। इसके साथ ही उन्होंने वामपंथी संगठनों पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप भी लगाये।
छात्र नेता नेहा बोरा पर ABVP नेता का हमला
वहीं, ABVP नेता सोलंकी ने छात्र नेता नेहा बोरा का जिक्र करते हुये दावा किया कि.. जेएनयू में पढ़ाई के दौरान उनका ब्रेनवॉश किया गया। उन्होंने कहा कि नेहा बोरा द्वारा भारत को लेकर दिये गये बयानों पर देश के युवाओं को विचार करना चाहिए। सोलंकी ने कहा कि भारत का युवा नेहा बोरा की तरह नहीं सोचता और देश को बांग्लादेश नहीं बनने देगा। उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी और नागरिक संवैधानिक व्यवस्था में विश्वास रखते हैं और अराजकता फैलाने के प्रयासों को सफल नहीं होने देंगे।
ABVP नेता बबली शर्मा ने उमंग सिंघार पर साधा निशाना
इसके अलावा, ABVP नेता बबली शर्मा ने भी मध्यप्रदेश विधानसभा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पर तीखा हमला बोला। बबली शर्मा ने कहा कि उमंग सिंघार विपक्षी दल के नेता हैं, जिनके कुर्ते से महिलाओं के खून के दाग निकलने नहीं हैं ओर वह ज्ञान परोसने आ जाते हैं। उन्होंने एसआईआर का जिक्र करते हुये कहा कि 1952 से अब 12 बार यह प्रक्रिया हो चुकी है जिसमें 10 बार कांग्रेस की सरकार बनी। इस बीच, बबली शर्मा ने सवाल उठाया कि पहले भी यह प्रक्रिया होती रही है तो अब कांग्रेस को इस पर आपत्ति क्यों है? उन्होंने कहा कि देश की बेटियां किसी के बहकावे में नहीं आएंगी।
