भोपाल के छोला इलाके में गैस पाइपलाइन में लगी आग, जेसीबी से खुदाई के दौरान हुआ रिसाव, पुलिस ने लोगों को हटाया

भोपाल के छोला इलाके में शनिवार दोपहर थिंक गैस की भूमिगत पाइपलाइन में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। छोला ब्रिज के पास निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान गैस लाइन में लीकेज होने के बाद आग की लपटें उठने लगीं।
भोपाल के छोला इलाके में गैस पाइपलाइन में लगी आग, जेसीबी से खुदाई के दौरान हुआ रिसाव, पुलिस ने लोगों को हटाया

भोपाल के छोला ब्रिज के पास शनिवार दोपहर थिंक गैस की भूमिगत पाइपलाइन में आग लग गई। दरअसल घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है। यहां निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी दौरान गैस लाइन में लीकेज हुआ और आग लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। वहीं कंपनी से गैस सप्लाई बंद कराने के बाद आग बुझाई गई।

दरअसल छोला ब्रिज के पास से थिंक गैस की भूमिगत पीएनजी लाइन गुजरती है। शनिवार दोपहर यहां निर्माण कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जेसीबी से खुदाई के दौरान गैस लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद गैस का रिसाव शुरू हुआ और पाइपलाइन के पास आग लग गई। आग की लपटें करीब 10 फीट तक उठने लगीं। घटना के बाद ब्रिज के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया।

पुलिस और दमकल टीम ने आग पर पाया काबू

वहीं घटना की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आसपास जमा लोगों को घटनास्थल से दूर किया। छोला फायर टीम ने भी आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। फायर फाइटर पंकज यादव समेत टीम के सदस्यों ने पानी की मदद से आग बुझाई। इस दौरान थिंक गैस कंपनी से संपर्क कर पाइपलाइन की गैस सप्लाई बंद कराई गई। सप्लाई बंद होने के बाद आग पूरी तरह बुझ गई।

भोपाल में पहले भी हुआ था गैस लाइन में लीकेज

दरअसल भोपाल में इससे पहले भी गैस पाइपलाइन में लीकेज की घटना सामने आई थी। जानकारी के मुताबिक कुछ महीने पहले शाहपुरा थाने के सामने गैस लाइन में लीकेज हुआ था। छोला ब्रिज के पास हुई घटना में शुरुआती जानकारी के अनुसार खुदाई के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से गैस का रिसाव हुआ। आग लगने के सटीक कारण और पाइपलाइन को हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews