Satna News : नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार अनियंत्रित कार घर में जा घुसी, 2 की मौत, 6 लोग घायल

Satna News : नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार अनियंत्रित कार घर में जा घुसी, 2 की मौत, 6 लोग घायल

Satna Accident News : मध्य प्रदेश के सतना जिले के नजदीक नेशनल हाइवे-30 पर दर्शनार्थियों की कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे एक घर में जा घुसीं। इस हादसे में एक महिला समेत 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरपाटन ले जाया गया है।

यह है पूरी घटना

बता दें कि नेशनल हाइवे नंबर 30 पर अमरपाटन थाना क्षेत्र के मौहारी कटरा गांव के पास तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क से उतरी और एक घर में घुसकर पलट गई। इस हादसे में घर में मौजूद महिला सुनीता सिंह 45 साल और कार सवार सौरभ कुमार की मौत हो गई। वहीं बताया जा रहा है कि कार में सवार 7 लोग नवादा बिहार से देवी दर्शन करने मैहर आए थे। मैहर से लौटते वक्त हाईवे पर एक स्कूटी सवार को बचाने की कोशिश में ड्राइवर ने कार पर नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार कार हवा में उछलती हुई सुनीता सिंह के घर में जा घुसी और पलट गई। जिस वक्त हादसा हुआ सुनीता घर के बाहर ही थी। वो कार की चपेट में आ गई। कार सवार 7 लोगों में से एक सौरभ कुमार की भी हादसे में मौके पर मौत हो गई, जबकि 6 अन्य में से 2 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

घायलों का चल रहा है इलाज

गौरतलब है कि इस हादसे की सूचना मिलने पर अमरपाटन पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि मृतिका का पति कहीं बाहर रहता है। उसके अन्य परिजन पहुंच गए हैं। घायलों का इलाज चल रहा है जिनमें से 2 लोगों को ज्यादा चोट आई है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews