
Seoni News : मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां उधार गुटखा नहीं देने से गुस्साए युवक ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद वहां मौजूद लोगों की मदद से महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन हालात ज्यादा गंभीर होने के कारण महिला को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, घटनाक्रम के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर शिकायत दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी ने दी जानकारी
मामले में लखनादौन थाना प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि, महिला अपने दुकान में बैठी थी तभी उसी गांव का रहने वाला भूरा उर्फ अज्जू चंद्रवंशी दुकान पर पहुंचा और गुटखा उधार मांगने लगा। जब महिला ने उधार देने से मना कर दिया तो युवक वहां से चला। कुछ देर बाद फिर दुकान पर वापस आया और गुस्से में महिला पर चाकु से वार कर दिया। जिसके बाद वहां से फरार हो गया।
आरोपी की तलाश जारी
बता दें हमला के कारण महिला को काफी जगहों पर गंभीर चोटें आई हैं। जिनका इलाज जारी है। इधर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 294, 323, 324, 326, 506 का मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही आरोपी की तलाश में जुट गई है। फिलहाल, आरोपी की कोई खबर नहीं मिल पाई है लेकिन जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

