Hindi News

पंचायत सचिव ने उप सरपंच से मांगी रिश्वत, लोकायुक्त पुलिस ने 15000 रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा

Written by:Atul Saxena
Published:
लोकायुक्त पूछताछ के दौरान यह भी जांच की कर रही है कि पंचायत में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों में कहीं और कमीशन की प्रथा तो नहीं चल रही थी। टीम ने पंचायत भवन से महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
पंचायत सचिव ने उप सरपंच से मांगी रिश्वत, लोकायुक्त पुलिस ने 15000 रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा

शहडोल जिले में भ्रष्टाचार पर नकेल कसते हुए रीवा लोकायुक्त की 10 सदस्यीय टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने सोहागपुर जनपद के पोंगरी पंचायत सचिव मंगलेश्वर मिश्रा को 15,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पंचायत भवन पोंगरी में की गई, जहां सचिव उपसरपंच अमृतलाल यादव से बिल भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।

जानकारी के मुताबिक, जल गंगा संवर्धन योजना के तहत 2,37,000 रुपये के कार्य का बिल तैयार हुआ था। सचिव ने इस बिल के भुगतान के लिए उपसरपंच से 25,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित उपसरपंच ने 28 अक्टूबर को लोकायुक्त रीवा कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद टीम ने जांच और ट्रैप की तैयारी की।

रिश्वत हाथ में आते ही दबोचा 

गुरुवार को निर्धारित योजना के अनुसार लोकायुक्त टीम ने पंचायत भवन पर छापा मारा। जैसे ही सचिव ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों की भीड़ पंचायत परिसर में जमा हो गई और माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण रहा।

लोकायुक्त पुलिस ने मामला दर्ज किया 

टीम ने आरोपी सचिव को मौके से गिरफ्तार कर शहडोल सर्किट हाउस लाया, जहां देर शाम तक उससे पूछताछ जारी रही। रिश्वत की रकम जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

लोकायुक्त की कार्रवाई से हड़कंप 

गौरतलब है कि शहडोल जिले में बीते कुछ सप्ताहों में लगातार रिश्वत के मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही में धनपुरी क्षेत्र में भी एक कर्मचारी को लोकायुक्त ने रिश्वत लेते पकड़ा था। इन लगातार कार्रवाइयों से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है और भ्रष्ट कर्मचारियों में भय का माहौल देखा जा रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पंचायत स्तर पर बढ़ते भ्रष्टाचार को रोकने के लिए लोकायुक्त की ऐसी कार्रवाइयां बेहद आवश्यक हैं। फिलहाल टीम मामले की लिखापढ़ी और औपचारिकताएं पूरी कर रही है।

शहडोल से राहुल सिंह राणा की रिपोर्ट 

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews