
Shahdol News : कोलकाता में हुई दुष्कर्म कि घटना का शहडोल में डाक्टर्स, जूनियर डाक्टर्स, सहकर्मी और मेडिकल स्टूडेंट्स द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। बता दें कि जिले के वरिष्ठ चिकित्सकों ने जूनियर डाक्टरों के साथ मिलकर अपना विरोध जताया है। उन्होंने अपनी मांग को लेकर पैदल यात्रा निकाली। जिसमें सैंकड़ों की संख्या में डॉक्टर और मेडिकल स्टूडेंट्स शामिल हुए, जिन्होंने कैंडल मार्च और मोबाइल टार्च जलाकर न्याय की मांग की। यह यात्रा जय स्तंभ तिराहा से शुरू हुई और गांधी चौक पर इसका समापन हुआ।
न्याय की मांग
सीनियर डॉक्टरों ने कहा कि सरकार को डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए कानून बनाना चाहिए। जिस तरह ड्यूटी के दौरान पश्चिम बंगाल में बर्बरतापूर्ण घटना घटित हुई है, उस परिवार को न्याय मिलना चाहिए। वहीं, मेडिकल स्टूडेंट ने यह कहा कि अगर सरकार हमारी सुरक्षा नहीं कर सकती तो हम लोग बाहर से आकर यहां मेडिकल की शिक्षा क्यों ले रहे हैं। हमें भी विदेश में पढ़ना चाहिए क्योंकि वहां जो सुरक्षा के लाॅ हैं वह काफी कड़े हैं, जिससे ऐसी घटनाएं विदेश में घटित नहीं होती है। इसके बाद, सभी ने मृत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर सरकार से न्याय कि मांग की है। सभी ने सरकार से अपनी सुरक्षा की मांग प्रमुखता से रखते हुए दोषियों को फांसी देने की मांग भी की है।
लोगों में आक्रोश
दरअसल, जूनियर डॉक्टर के साथ हुई क्रूर और अमानवीय कृत्य से लोगों में खासा आक्रोश देखने को मिल रहा है। साथ ही इस घटना से महिलाओं के बीच असुरक्षा का माहौल है। वहीं, पीड़िता को न्याय दिलाने की जगह आरोपियों को बचाने की कोशिश अस्पताल और प्रशासन पर सवाल खड़े कर रही है। माता पिता अपनी बेटियों को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सबके मन में बस एक ही चिंता खाए जा रही है कि निर्भय केस के बाद बने कठोर कानून के बाद भी इस तरह के अपराध कम नहीं हो रहे।
[dgv_vimeo_video id=”1000030970″]
राहुल सिंह राणा, शहडोल
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

