MP Breaking News

शहडोल में जर्जर सड़कों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, बड़े आंदोलन की दी चेतावनी, कहा- 6 करोड़ की सड़क दो महीने से अधूरी

शहडोल में कांग्रेस ने प्रदर्शन करते हुए नए बस स्टैंड से इंदिरा चौक तक 6 करोड़ रुपये की सड़क पर सवाल उठाए। कांग्रेस ने 15 दिन में काम शुरू नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी।
Shahdol Congress

शहडोल: मध्यप्रदेश में जर्जर सड़कों को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विभिन्न जिलों में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़कों की बदहाली को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार से जल्द सुधार की मांग कर रहे हैं। इस बीच, शहडोल में भी कांग्रेस ने शहर की खराब सड़कों को लेकर प्रदर्शन किया।

बता दें कि जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नए बस स्टैंड से इंदिरा चौक तक पैदल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने बताया कि नए बस स्टैंड से इंदिरा चौक तक सड़क का निर्माण 6 करोड़ रुपये की लागत से होना है लेकिन पिछले दो महीनों से सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया है जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

कांग्रेस नेता ने दी चेतावनी

कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर उसे दुरुस्त नहीं किया गया तो इंदिरा चौक पर टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने नगर पालिका के इंजीनियर और ठेकेदार की जांच कराने के साथ ही लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जबलपुर में भी कांग्रेस ने जर्जर सड़कों को लेकर किया प्रदर्शन

बता दें कि गुरुवार को जबलपुर में भी कांग्रेस ने खराब सड़कों को लेकर अनोखा प्रदर्शन किया था। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बदहाल सड़कों के विरोध में सड़क पर झाड़ू लगाई, धूल जमा की और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केवल एक साल पहले बनी सड़कें पहली ही बारिश में गड्ढों में बदल गईं हैं। तीन-तीन साल की गारंटी वाली सड़कों का यह हाल निर्माण की खराब गुणवत्ता और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स का पैसा खराब निर्माण कार्यों के कारण बर्बाद हो रहा है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
शहडोल में जर्जर सड़कों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, बड़े आंदोलन की दी चेतावनी, कहा- 6 करोड़ की सड़क दो महीने से अधूरी - MP Breaking News