MP Breaking News

कूनो नेशनल पार्क से आई खुशखबरी, भारत में जन्मी मादा चीता KGP12 ने चार शावकों को दिया जन्म, सीएम मोहन यादव ने जताई खुशी

श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में भारत में जन्मी मादा चीता KGP-12 ने खुले जंगल में चार शावकों को जन्म दिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इसे प्रोजेक्ट चीता की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए खुशी जताई है।
Kuno National Park

एक तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के महत्वाकांक्षी ‘प्रोजेक्ट चीता’ के चार साल पूरे हो गये हैं तो वहीं दूसरी ओर मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क से एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारत में जन्मी मादा चीता KGP12 ने खुले जंगल में चार शावकों को जन्म दिया है। पार्क प्रबंधन और डॉक्टरों की टीम इन नए मेहमानों की निगरानी में जुटी हुई है और मां समेत चारों शावक पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं। इन शावकों के जन्म के साथ देश में चीतों की कुल संख्या 56 हो गई है।

सीएम मोहन यादव ने जताई खुशी

बता दें कि इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इसे प्रोजेक्ट चीता की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए खुशी जताई है। सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर कर प्रोजेक्ट चीता के लिए यह एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में ‘प्रोजेक्ट चीता’ के चार साल पूरे होने के अगले ही दिन कूनो नेशनल पार्क ने हमें एक बहुत अच्छी खबर दी है। भारत में पैदा हुई मादा चीता KGP12 ने चार बच्चों को जन्म दिया है।

सीएम यादव ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में इन नन्हे मेहमानों का आना भारत की चल रही चीता संरक्षण यात्रा में एक खूबसूरत मील का पत्थर है। कूनो में लगातार बढ़ रही चीतों की आबादी से वन्यजीव पर्यटन, स्थानीय आजीविका और पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण को भी मजबूती मिल रही है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने पूरे कूनो और प्रोजेक्ट चीता परिवार को दिल से बधाई दी।

यह सचमुच ऐतिहासिक और खुशी का पल: भूपेंद्र यादव

साथ ही, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर कहा है कि प्रोजेक्ट चीता के लिए यह सचमुच ऐतिहासिक और खुशी का पल है। भारत के चीता प्रोजेक्ट के चार साल पूरे होने के एक दिन बाद, भारत में जन्मी मादा चीता KGP-12 ने कूनो नेशनल पार्क में चार शावकों को जन्म दिया है।

भूपेंद्र यादव ने आगे कहा कि चार साल में चार नई जिंदगियों का जन्म भारत में चीता संरक्षण की बढ़ती सफलता, उम्मीद और हिम्मत का सुंदर प्रतीक है। इस खुशी के मौके पर केंद्रीय मंत्री ने पूरे कूनो और प्रोजेक्ट चीता परिवार को बधाई दी है।

चार साल में बढ़ी चीता आबादी, देश में अब 56 चीते

गौरतलब है कि भारत में ‘प्रोजेक्ट चीता’ के तहत 17 सितंबर 2022 को नामीबिया से 8 चीतों की पहली खेप कूनो नेशनल पार्क लाई गई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर कूनो में इन 8 चीतों को खुले जंगल में रिलीज किया था। इनमें 5 मादा और 3 नर चीते शामिल थे।

इसके बाद 18 फरवरी 2023 को दक्षिण अफ्रीका से 12 और चीतों को कूनो लाया गया, जिन्हें केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने रिलीज किया था। चार साल बाद कूनो में चीता संरक्षण कार्यक्रम के तहत आबादी लगातार बढ़ रही है और भारत में जन्मे चीतों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। मौजूदा आंकड़ों के अनुसार, देश में अब चीतों की कुल संख्या 56 हो गई है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
कूनो नेशनल पार्क से आई खुशखबरी, भारत में जन्मी मादा चीता KGP12 ने चार शावकों को दिया जन्म, सीएम मोहन यादव ने जताई खुशी - MP Breaking News