शिवपुरी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अवैध स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर के निर्देश पर शुक्रवार शाम कोलारस में एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की टीम की कार्रवाई देखने को मिली। यहां दो मेडिकल स्टोर और उनसे जुड़े अस्पतालों की जांच पड़ताल की गई।
टीम जब मौके पर पहुंची तब दोनों ही जगह पर मरीजों के इलाज और उन्हें भर्ती करने की व्यवस्था तो थी। लेकिन जब संचालकों से पंजीयन के दस्तावेज मांगे गए वो सबूत प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद मेडिकल स्टोर और अस्पतालों का सील कर दिया गया।
कटरा मोहल्ला में कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग की टीम कटरा मोहल्ला पहुंची। यहां स्थित गोपाल मेडिकल स्टोर की जांच करने पर यहां कमरों की व्यवस्था थी। मरीजों को भर्ती करने के लिए पलंग भी मौजूद थे। जब टीम में संचालक रंजन अधिकारी से पंजीयन के दस्तावेज मांगे तो वह दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद गोपाल मेडिकल स्टोर और उसके पास चल रहे अस्पताल को सील कर दिया गया।
अस्पताल और मेडिकल सील
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए जिला टीकाकरण अधिकारी डॉक्टर रोहित भदकारिया ने बताया कि यहां धाकड़ मेडिकल स्टोर की जांच की। यह मालूम चला कि मेडिकल स्टोर के पास अस्पताल भी संचालित हो रहा था। अस्पताल डॉक्टर पुष्पेंद्र सिंह के नाम पर बताया गया लेकिन मौके पर अपात्र लोग मरीजों का इलाज कर रहे थे।
अस्पताल में मरीजों को भर्ती करने के लिए 10 पलंग भी रखे हुए थे। जब मेडिकल स्टोर और अस्पताल से संबंधित पंजीकरण के दस्तावेज मांगे गए। तब संचालकों के पास यह मौजूद नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने धाकड़ मेडिकल और एएस अस्पताल सील कर दिया। बता दें कि पूरे जिले में लगातार स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य संस्थानों पर जांच पड़ताल की जा रही है। जहां भी अनियमितता सामने आ रही है, वहां कार्रवाई की जा रही है।






